समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार(13 मई) सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे और भाजपा से जुड़ी नेता अपर्णा यादव के पति थे।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार(13 मई) सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव को इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। कुछ सप्ताह पहले उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान अखिलेश यादव भी उनसे मिलने पहुंचे थे। स्वास्थ्य में थोड़े सुधार के बाद उन्हें घर वापस लाया गया था। समाजवादी पार्टी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”
हालांकि प्रतीक यादव देश के एक बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। उन्होंने ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी और रियल एस्टेट तथा फिटनेस व्यवसाय से जुड़े हुए थे। लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम भी चलाते थे और फिटनेस इंडस्ट्री में सक्रिय माने जाते थे।
इसके अलावा प्रतीक यादव पशु कल्याण कार्यों से भी जुड़े हुए थे। वह ‘जीव आश्रय’ नामक संस्था के माध्यम से आवारा कुत्तों के रेस्क्यू, इलाज, भोजन और देखभाल का काम करते थे। कुछ महीने पहले उनके और अपर्णा यादव के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं। हालांकि बाद में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर परिवार के साथ छुट्टियां मनाते हुए तस्वीरें साझा कर इन अटकलों को शांत करने की कोशिश की थी।
इस बीच, प्रतीक यादव के शव का पोस्टमार्टम लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के शवगृह में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की निगरानी में किया जा रहा है। मेडिकल पैनल में डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. अनूप कुमार रायपुरिया और डॉ. फातिमा हर्षा समेत फॉरेंसिक विशेषज्ञ शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम शुरू होने से पहले छाती का एक्स-रे किया जाएगा। पंचनामा दस्तावेज मिलने के बाद ही औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। वहीं, अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट समेत परिवार के अन्य सदस्य भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शवगृह परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:
अस्थमा में राहत दिलाने में मददगार सूर्य मुद्रा, तनाव को कम कर दिमाग को करती है शांत!
खुद को कैसे फिट और फाइन रखते हैं अमिताभ बच्चन, प्रशंसकों को खुद बताया सीक्रेट!



