सिद्धपीठों के दौरे को लेकर हरीश रावत ने कहा कि वह प्रदेश की धरती के दिग्पाल माने जाने वाले चारू सिद्धों को प्रणाम करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस धरती पर रह रहे हैं और स्वस्थ होकर लौटे हैं, इसलिए सिद्धपीठों में जाकर अपनी कृतज्ञता व्यक्त करना चाहते हैं।
इसके साथ ही, हरीश रावत ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल की जांच को लेकर एक बार फिर अपनी पुरानी मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चुनाव के समय अलग-अलग केंद्रीय जांच एजेंसियों या अधिकारियों को भेजे जाने के बजाय एक बार उनके पूरे कार्यकाल की जांच के लिए जांच आयोग गठित कर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनके पूरे कार्यकाल की निष्पक्ष जांच होने से यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए अपने अधिकारों का किस तरह इस्तेमाल किया। पूर्व सीएम ने कहा कि वह जांच से पीछे नहीं हट रहे हैं। उनका कहना था कि अगर उनके कार्यकाल में कोई गलत कृत्य हुआ है या उन्होंने अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया है, तो जांच के दौरान वह सामने आना चाहिए।
रावत ने कहा कि जांच आयोग के सामने उनके कार्यकाल से जुड़े सभी मामलों की पड़ताल हो सकती है और जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर कार्रवाई की जा सकती है। बार-बार अलग-अलग मौकों पर अलग-अलग जांच कराए जाने के बजाय एक व्यापक जांच ज्यादा स्पष्ट स्थिति सामने ला सकती है।
हरीश रावत ने आगे कहा कि यदि उनके पूरे मुख्यमंत्री कार्यकाल की जांच के लिए आयोग बनाया जाता है तो इससे उत्तराखंड में एक नई राजनीतिक और प्रशासनिक परंपरा स्थापित हो सकती है।
उन्होंने भाजपा से अपनी इस मांग को स्वीकार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार को कई सुझाव दिए गए हैं, लेकिन उनमें से बहुत से सुझावों को सरकार ने स्वीकार नहीं किया।



