बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। दरभंगा स्थित अंबेडकर छात्रावास में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा बिना अनुमति के आयोजित कार्यक्रम को लेकर जहां दो एफआईआर दर्ज की गई हैं, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस मुद्दे पर राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि “राहुल गांधी ने बिहार की धरती पर आकर कानून तोड़ा है और उन्हें सीधे जेल भेजा जाना चाहिए।”
पटना में शुक्रवार (16 मई)को मीडिया से बात करते हुए जायसवाल ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “राहुल गांधी कोई देवता नहीं हैं कि उनके खिलाफ कार्रवाई न हो। उन्होंने एक सरकारी छात्रावास में बिना पूर्व अनुमति के राजनीतिक गतिविधि की है, जो स्पष्ट रूप से कानून का उल्लंघन है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जानबूझकर सरकारी इमारतों में जाकर कार्यक्रम करते हैं ताकि उनके खिलाफ मामला दर्ज हो और उन्हें सहानुभूति मिले।
जायसवाल ने राहुल गांधी की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि “अगर उन पर केस होगा तो जनता उनके पक्ष में खड़ी होगी, लेकिन वे गलतफहमी में हैं। बिहार भगवान बुद्ध, महावीर, चाणक्य, जयप्रकाश नारायण और बाबू कुंवर सिंह की भूमि है। यहां के लोग इतने भोले नहीं कि कोई उन्हें बहला सके।”
भाजपा नेता ने कांग्रेस के दलित प्रेम पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का अंबेडकर छात्रावास जाना भी एक राजनीतिक स्टंट था। “कांग्रेस 65 वर्षों तक सत्ता में रही लेकिन दलित समाज की स्थिति जस की तस बनी रही। अब राहुल गांधी बाबा साहेब के नाम पर प्रायश्चित करने का दिखावा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अब अपनी पार्टी के इतिहास और विफलताओं का बोझ हल्का करने के लिए बिहार की धरती का सहारा लेना पड़ रहा है।
राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस की ओर से अब तक कोई सीधा जवाब नहीं आया है, लेकिन भाजपा इस मुद्दे को पूरी तरह से चुनावी हथियार बनाने में जुट गई है, भले ही बिहार में फिलहाल कोई बड़ा चुनाव न हो। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह राजनीतिक विवाद अगले कुछ दिनों में किस दिशा में बढ़ता है।
यह भी पढ़ें:
सीएम योगी की बड़ी पहल: “श्रमिक और उद्योगपति पूरक हैं, न कि प्रतिद्वंद्वी”
प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 31 मई और 1 जून को मुंबई में
IIFT ने दुबई में पहला विदेशी कैंपस खोलकर अपने ग्लोबल फुटप्रिंट्स का किया विस्तार
दिन में मजदूर बन कर करते थे रेकी, रात में चोरी करते थे तीन शातिर- तीन शातिर गिरफ्तार



