सेंसेक्स 792 अंक लुढ़का, चौतरफा बिकवाली का दबाव; इंडिगो, बंधन बैंक और पेटीएम रहे चर्चा में

सेंसेक्स 792 अंक लुढ़का, चौतरफा बिकवाली का दबाव; इंडिगो, बंधन बैंक और पेटीएम रहे चर्चा में

The Sensex plunged 792 points amid widespread selling pressure; IndiGo, Bandhan Bank, and Paytm were among the stocks in focus.

शुक्रवार (23 जनवरी)को भारतीय शेयर बाजारों में भारी दबाव देखने को मिला। व्यापक बिकवाली के चलते बेंचमार्क सूचकांक लगातार फिसलते रहे। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 818 अंक तक टूट गया, जबकि निफ्टी50 ने 25,041 का इंट्राडे निचला स्तर छुआ। दोपहर बाद करीब 3:14 बजे सेंसेक्स 792 अंक गिरकर 81,514 पर और निफ्टी50 204 अंक फिसलकर 25,086 पर कारोबार कर रहा था।

बाजार पर दबाव का मुख्य कारण बड़े इंडेक्स शेयरों में तेज बिकवाली रही। एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), मारुति सुजुकी और इटरनल जैसे शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के शेयरों में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट आई और यह इंट्राडे में 4,722.50 रुपये तक फिसल गया। दिसंबर तिमाही में कंपनी के शुद्ध लाभ में 77 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद निवेशकों ने शेयर बेचे। इंडिगो का मुनाफा एक साल पहले के 2,449 करोड़ रुपये से घटकर 550 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बताया कि 1,546 करोड़ रुपये के असाधारण खर्च के चलते मुनाफे पर असर पड़ा, जिसमें नए श्रम संहिता प्रावधानों के लिए 969 करोड़ रुपये और दिसंबर में परिचालन बाधाओं के कारण 577 करोड़ रुपये शामिल हैं।

बंधन बैंक के शेयरों में हालांकि विपरीत रुख देखने को मिला। कमजोर तिमाही नतीजों के बावजूद शेयरों में 5.5 प्रतिशत तक की तेजी आई, जो पिछले नौ महीनों में इसका सबसे बड़ा एकदिवसीय उछाल है। बैंक का लाभ दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 52 प्रतिशत घटकर 206 करोड़ रुपये रहा है, लेकिन तिमाही आधार पर इसमें 84 प्रतिशत का सुधार हुआ। बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला और सकल एनपीए घटकर 3.33 प्रतिशत पर आ गया। वैश्विक ब्रोकरेज सीएलएसए ने कहा कि लागत नियंत्रण के चलते बैंक का परिचालन लाभ अनुमान से बेहतर रहा।

आईटी कंपनी एमफैसिस के शेयर मुनाफे में मामूली बढ़त और मजबूत राजस्व वृद्धि के बावजूद 2 प्रतिशत फिसल गए। सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदर पूनावाला ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल टीम के लिए मजबूत बोली लगाने की बात  कहने से यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयरों में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी।

टेक्नोलॉजी कंपनी तनला प्लेटफॉर्म्स के शेयर 13 प्रतिशत उछल गए। कंपनी ने मुनाफे और राजस्व में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की है। वहीं, हिंदुस्तान जिंक के शेयर 6 प्रतिशत से अधिक चढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए, क्योंकि वैश्विक और घरेलू बाजारों में चांदी की कीमतें नए शिखर पर पहुंचीं। दूसरी ओर, वन97 कम्युनिकेशंस (पेटीएम) के शेयरों में भारी वॉल्यूम के साथ करीब 10 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई। कुल मिलाकर, शुक्रवार (23 जनवरी) को बाजार की दिशा कमजोर बनी रही और निवेशक वैश्विक संकेतों व घरेलू कॉरपोरेट नतीजों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें:

T20 विश्व कप 2026: भारत पर बहिष्कार डालने से बांग्लादेश क्रिकेट को 325 करोड़ का झटका

कल्लू ईमान, इरफ़ान ने मकान मालिक के बेटे का किया अपहरण और हत्या; बॉक्स में बंद मिला शव

लव जिहाद: ‘समीर द्विवेदी’ बनकर समीर जाफरी ने हिंदू युवती को प्रेमजाल में फंसाया; दुष्कर्म और ब्लैकमेल

Exit mobile version