अनिल देशमुख के पीए को मिली जमानत  

 ईडी ने धनशोधन के मामले में जून 2021 में शिंदे को गिरफ्तार किया था 

अनिल देशमुख के पीए को मिली जमानत  
विशेष अदालत ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के सहायक कुंदन शिंदे को शुक्रवार को भ्रष्टाचार के एक मामले में जमानत दे दी, जिसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है। शिंदे के वकील अनिकेत निकम ने बताया कि विशेष सीबीआई न्यायाधीश एस एच ग्वालानी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता देशमुख के निजी सहायक के तौर पर काम करने वाले शिंदे की जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया।
 प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के मामले में जून 2021 में शिंदे को गिरफ्तार किया था और बाद में सीबीआई ने उन्हें भ्रष्टाचार के एक मामले में अपनी हिरासत में ले लिया था। विशेष पीएमएलए अदालत ने बुधवार को धन शोधन मामले में शिंदे की ज़मानत याचिका को स्वीकार कर लिया था। मामले के अन्य आरोपियों में देशमुख और बर्खास्त सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाजे शामिल हैं।
 देशमुख को जमानत मिल गई है, जबकि वाजे अब भी न्यायिक हिरासत में हैं। मार्च 2021 में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री देशमुख ने रेस्तरां और बार से प्रति माह 100 करोड़ रुपये एकत्र करने का पुलिस अधिकारियों को लक्ष्य दिया था। साल 2021 में मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास विस्फोटकों से लदी गाड़ी मिलने के मामले में गिरफ्तार पूर्व सहायक पुलिस निरीक्षक वाजे ने भी इसी तरह के आरोप लगाए थे। उच्च न्यायालय ने अप्रैल 2021 में सीबीआई को शुरुआती जांच करने का निर्देश दिया था।

ये भी पढ़ें  

 

बीबीसी डाक्यूमेंट्री: सुप्रीम कोर्ट ने बैन हटाने से किया इंकार कही ये बात…     

महंगाई का रोना रोने वाली पंजाब सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर सेज बढ़ाया   

NIA को धमकी भरा ईमेल: मुंबई को उड़ाने की धमकी,जांच शुरू 

Exit mobile version