बिहार के सीमावर्ती किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड समेत अन्य फर्जी प्रमाण पत्र और दस्तावेज बनाने वाले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने टेढ़ागाछ बलुआजगीर निवासी आरोपी मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह अंतरराज्यीय गिरोह है। पुलिस अब घुसपैठियों के संपर्क से जांच करने की बात कह रही है। पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार (4 अप्रैल) को बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से 400 लोगों के नाम के अलग-अलग आधार कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एक लैपटॉप, एक मॉनिटर, थंब स्कैनर, फिंगरप्रिंट स्कैनर, लैपटॉप चार्जर, सीपीयू, पासबुक, एटीएम कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, खतियान, एक विद्यालय के प्रधानाध्यापक का मोहर, और एक सरपंच का मोहर सहित कई प्रकार के दस्तावेज और सामग्री बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-दो के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना, प्रभारी जिला आसूचना इकाई ने एक विशेष टीम का गठन किया था। इसी क्रम में सूचना मिली कि टेढ़ागाछ थानाक्षेत्र में एक किराना दुकान में फर्जी प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने टीम को बुलजागीर वार्ड नंबर-पांच स्थित किराना दुकान में छापामारी की।
इसी क्रम में वहां से बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक का पासबुक, बैंक का मोहर, सरपंच का लेटरपैड, राशन कार्ड, जाति, आवासीय, आय, जन्म प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छाया प्रति बरामद की गई।
इस मामले में किराना दुकानदार मनोहर कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि आरोपी की ओर से फर्जी मोहर का प्रयोग करके बड़े पैमाने पर जाली दस्तावेजों से विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र बनाते थे और उन प्रमाण-पत्रों को किसी अन्य व्यक्ति का आधार आईडी और क्लोन थंब इम्प्रेशन का उपयोग करके आधार एनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर में अपलोड करके अवैध रूप से आधार कार्ड बनाते थे।
यह भी पढ़ें:
होर्मुज़ जलडमरूमध्य पार कर सातवां एलपीजी टैंकर भारत के लिए रवाना
शुरू होने से पहले ‘स्कैम कॉल सेंटर’ का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
समता दिवस: गांव से उप प्रधानमंत्री बने बाबूजी, जन-जन की आवाज बने!
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: मतदाताओं को धमकाने वाला TMC कार्यकर्ता गिरफ्तार
