ISI की आतंकी साजिश नाकाम, 9 आतंकी गिरफ्तार

दिल्ली मंदिर, सैन्य कैंप और यूपी के पुलिस थाने थे निशाने पर

ISI की आतंकी साजिश नाकाम, 9 आतंकी गिरफ्तार

ISI's terror plot foiled, 9 terrorists arrested

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े  आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मॉड्यूल का संचालन शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े ऑपरेटिव्स के जरिए किया जा रहा था। पुलिस ने ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के तहत कई राज्यों में छापेमारी कर मॉड्यूल से जुड़े नौ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मॉड्यूल दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक लोकप्रिय ढाबे, हरियाणा के हिसार स्थित सैन्य कैंप और उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर की रेकी की थी। उसने मंदिर परिसर की तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजी थीं। जांचकर्ताओं का दावा है कि मॉड्यूल मंदिर में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों पर फायरिंग कर बड़े स्तर पर दहशत फैलाना चाहता था।

इसके अलावा, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक व्यस्त ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने की भी योजना बनाई गई थी। यह ढाबा प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही वाला स्थान माना जाता है। एजेंसियों का मानना है कि हमला कर भारी जनहानि और अफरा-तफरी फैलाने की साजिश थी।

इसके अलावा हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की रेकी की गई थी। मॉड्यूल के सदस्यों ने इलाके के वीडियो बनाकर सीमा पार बैठे अपने आकाओं को भेजे थे। सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थाने भी संभावित टारगेट की सूची में शामिल थे।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अनुसार, गिरफ्तार किए गए संदिग्धों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। फिलहाल एजेंसियां मॉड्यूल के पाकिस्तान स्थित ISI नेटवर्क और कथित हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े संबंधों की गहराई से जांच कर रही हैं।

हालांकि पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और न ही उस मंदिर का नाम उजागर किया गया है जिसकी रेकी की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा कारणों से कुछ जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा रही हैं।

जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क की फंडिंग, अन्य संभावित सहयोगियों और सीमा पार से जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें:

PoK में मृत मिला हाफिज सईद का करीबी आतंकी कमांडर इस्माइल अहमद

ट्रम्प द्वारा लगाया गया 10% वैश्विक शुल्क ‘अवैध’

महुआ मोइत्रा के सामने विमान में लगे ‘चोर चोर, टीएमसी चोर’ के नारे

केरल में कांग्रेस के CM चेहरे पर सस्पेंस; खरगे से मिलकर शशि थरूर ने बढ़ाई चर्चा

Exit mobile version