महाराष्ट्र के नालासोपारा में जन्मदिन की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब केक खाने से 7 मासूम बच्चों और 4 महिलाओं समेत 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। इस मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि बच्चों ने केक के अंदर एक मरी हुई छिपकली मिलने का दावा किया है। फिलहाल सभी का इलाज अस्पताल में जारी है। यह घटना नालासोपारा ईस्ट के टाकीपाड़ा स्थित नीलकंठेश्वर बिल्डिंग की है, जहां एक 25 वर्षीय महिला का जन्मदिन मनाया जा रहा था। शनिवार शाम करीब 6 बजे पड़ोस के बच्चे महिला के लिए लोकल दुकान से केक खरीदकर लाए थे।
जश्न के दौरान सभी ने केक खाया। लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। पीड़ितों को सीने में तेज जलन और उल्टी की शिकायत होने पर तुरंत पास के विजयलक्ष्मी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती 11 लोगों में से तीन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। अस्पताल की डॉ. विद्या सावंत ने जानकारी दी कि इलाज करा रहे सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। बच्चों ने ही डॉक्टरों को केक में मरी हुई छिपकली होने की बात बताई।
मामले की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना का संज्ञान लिया। पुलिस ने संबंधित केक शॉप से सैंपल ज़ब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइज़निंग के सही कारणों का खुलासा होगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें-



