सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी जैश कमांडर को किया ढेर

सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी जैश कमांडर को किया ढेर

Pakistani Jaish commander killed by security forces

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज़ वन क्षेत्र छतरू में रविवार (22 फरवरी) को सुरक्षा बलों ने जैश के बड़े आतंकी को ढेर किया। अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ सुबह करीब 10:30 बजे पास्सेरकुट इलाके में उस समय शुरू हुई जब खुफिया इनपुट के आधार पर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।

यह अभियान भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीमों द्वारा शुरू किया गया था। इनपुट में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी दी गई थी।

सुरक्षा बलों के संपर्क में आते ही घने जंगल और बर्फ से ढके इलाके में तीव्र गोलीबारी शुरू हो गई। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब तक एक आतंकी को ढेर कर दिया गया है। हालांकि अभियान अभी जारी है और शेष आतंकियों को मार गिराने तथा पूरे इलाके को सुरक्षित करने के लिए घेराबंदी की गई है।

सूत्रों के मुताबिक मारा गया आतंकी जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर बताया जा रहा है। उसकी आधिकारिक पहचान, शव की बरामदगी और हथियारों या गोला-बारूद की बरामदगी संबंधी विवरण ऑपरेशन पूरा होने के बाद साझा किए जाएंगे।

सेना की WhiteKnight Corps ने सोशल मीडिया मंच X पर जानकारी देते हुए कहा, “#WhiteKnightCorps की टुकड़ियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन में, किश्तवाड़ के पासेरकुट इलाके में आतंकवादियों से सामना किया। फायरिंग जारी है। टुकड़ियों ने इलाके को घेर लिया है।”

छतरू वन क्षेत्र में हाल के हफ्तों में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है। पिछले महीने यहां लगभग आधा दर्जन मुठभेड़ों की खबरें सामने आई थीं, और एक आतंकी मारा गया था। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं ताकि कोई भी आतंकी भागने में सफल न हो सके। अब तक सुरक्षा बलों के किसी भी जवान के हताहत होने की सूचना नहीं है। अभियान जारी है।

यह भी पढ़ें:

आख़िरकार आसाम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोराह भाजपा में हुए शामिल

तेलंगाना में देवी दुर्गा का गाना चलाने पर पत्थरबाजी, मुजम्मिल समेत 10 से 12 गिरफ्तार

भारतीय शस्त्र कंपनी ब्रिटिश सेना के प्रोजेक्ट ग्रेबर्न के लिए लगाएगी बोली

Exit mobile version