केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दौरान ईरान की ‘इस्लामिक कल्चर एंड रिलेशंस ऑर्गनाइजेशन’ के अध्यक्ष मोहम्मद महदी इमानीपुर से मुलाकात की।
भारत में ईरानी दूतावास के अनुसार, बैठक के दौरान शेखावत ने भारत में फारसी भाषा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “फारसी हमारे लिए कोई विदेशी भाषा नहीं है।”
उन्होंने बताया कि भारत की राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी 2020) के तहत फारसी को भारत की अन्य भाषाओं के साथ शामिल किया गया है। बैठक में दोनों पक्षों ने भारत और ईरान के बीच सांस्कृतिक और कलात्मक सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने ईरानी दूतावास की ओर से आयोजित फिल्म महोत्सवों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ईरान के साथ अपने सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में रुचि रखता है। उन्होंने पांडुलिपियों के क्षेत्र में ईरानी सांस्कृतिक संस्थानों के साथ सहयोग की संभावना में भी दिलचस्पी जताई।
ईरानी दूतावास के अनुसार, इमानीपुर ने ईरान तक दवाओं की आपूर्ति में सहयोग के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हालिया युद्ध के दौरान भारत की ओर से दिए गए सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।
इमानीपुर ने भारत और ईरान के संयुक्त सांस्कृतिक सप्ताह के आयोजन का प्रस्ताव रखा और कहा कि ईरान इस तरह के साझा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।
उन्होंने भारतीय कलाकारों को ईरान आने का निमंत्रण दिया और वहां एक भव्य सांस्कृतिक सप्ताह आयोजित करने का सुझाव भी दिया। इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए शेखावत ने कहा कि भारत इस दिशा में सहयोग के लिए तैयार है।
इमानीपुर ने यह भी कहा कि सिनेमा के क्षेत्र में भारत और ईरान के बीच सहयोग की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने फिल्म और सिनेमा से जुड़े क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने की इच्छा जताई।
उन्होंने बताया कि इस्लामिक कल्चर एंड रिलेशंस ऑर्गनाइजेशन दुनियाभर में 65 सांस्कृतिक मिशन संचालित करता है और भारत के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है।
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आपसी विश्वास और साझा सभ्यतागत मूल्य मजबूत क्षेत्रीय सहयोग की नींव हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “जब हम इस उदार दृष्टिकोण को अपनाते हैं तो हमारी विविधता ही हमारी एकता की सबसे बड़ी ताकत बन जाती है।”
