मंत्रालय के बयान के अनुसार, “संक्रमित व्यक्ति की शुक्रवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है।” हालांकि, मंत्रालय ने मरीज की पहचान और संक्रमण से जुड़ी अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं की है।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, कंबोडिया में इससे पहले दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच एमपॉक्स के कुल 20 मामले दर्ज किए गए थे। मंत्रालय ने बताया कि 30 महीने और छह दिन के अंतराल के बाद संक्रमण का यह पहला मामला है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिकों से सतर्क रहने और स्वयं के साथ अपने परिवार के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा,” संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए समय रहते सतर्कता जरूरी है।”
बयान में मंत्रालय ने आगे कहा,” एमपॉक्स वायरस संक्रमित व्यक्ति के साथ यौन संपर्क, घावों, शारीरिक तरल पदार्थों, लार या संक्रमित वस्तुओं के सीधे संपर्क से फैल सकता है। गर्भवती महिला से गर्भनाल के जरिए उसके भ्रूण में भी संक्रमण पहुंच सकता है। जन्म के दौरान या उसके बाद भी संक्रमण का खतरा रहता है।”
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि यदि चेहरे, हथेलियों, पैरों, शरीर, आंखों, मुंह या जननांगों पर फफोलेदार चकत्ते दिखाई दें और साथ में बुखार, लिम्फ नोड्स में सूजन, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमर दर्द या थकान जैसे लक्षण हों तो तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं या टोल-फ्री आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करे।



