पश्चिम रेलवे द्वारा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं लिया जाएगा। हालांकि, ट्रैक, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव के लिए शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि को सांताक्रूज और गोरेगांव स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइनों पर रात्रिकालीन जंबो ब्लॉक लिया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह ब्लॉक 25 अक्टूबर की मध्यरात्रि के दौरान रात 12:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान रेलवे कर्मचारी और तकनीकी टीमें आवश्यक रखरखाव कार्य करेंगी, ताकि रेल परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
स्लो लाइन से चलेंगी फास्ट लोकल ट्रेनें
ब्लॉक अवधि के दौरान सांताक्रूज और गोरेगांव स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइनों की सभी ट्रेनों को स्लो लाइनों पर चलाया जाएगा। इसके कारण उपनगरीय लोकल ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित होंगी और कुछ ट्रेनें रद्द भी रहेंगी।
पश्चिम रेलवे ने बताया कि प्रभावित उपनगरीय ट्रेनों की विस्तृत जानकारी संबंधित खंड के सभी स्टेशनों के स्टेशन मास्टरों के पास उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित ब्लॉक को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त समय लेकर चलें।
यह भी पढ़ें-
अखिलेश के घुसपैठिए बयान पर भड़के उत्तराखंड सीएम, बताया देवभूमि का अपमान!



