आयुष मंत्रालय के मुताबिक, सर्दियों के मौसम में शरीर की पाचन शक्ति यानी डाइजेस्टिव पावर बढ़ जाती है। ऐसे में शरीर भारी और अधिक मात्रा में खाए गए भोजन को भी आसानी से पचा सकता है। इसलिए इस मौसम में पौष्टिक और संतुलित भोजन करना फायदेमंद माना जाता है।
सर्दियों में बाजार में कई तरह की हरी सब्जियां और मौसमी फल आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे में अपनी डाइट में पालक, मेथी, सरसों का साग, गाजर, मूली और अन्य मौसमी सब्जियों को जगह दें। इसके अलावा संतरा, अमरूद और आंवला जैसे फल भी खा सकते हैं।
सर्दियों में त्वचा की नमी कम होने लगती है, जिससे हाथ-पैर और शरीर की त्वचा रूखी हो सकती है। ऐसे में सरसों के तेल से शरीर की मालिश करना फायदेमंद हो सकता है। इससे त्वचा को नमी मिलती है और रूखेपन से राहत पाने में मदद मिलती है।
ठंडी और शुष्क हवाओं का सबसे ज्यादा असर होंठों पर दिखाई देता है। कई बार होंठ इतने रूखे हो जाते हैं कि उनमें दरारें पड़ने लगती हैं। आयुष मंत्रालय के अनुसार, दूध की मलाई और घी लगाने से फटे होंठों को आराम मिल सकता है। इसके अलावा शहद भी एक प्राकृतिक उपाय है। इसे पानी की दोगुनी मात्रा में मिलाकर होंठों पर लगाया जा सकता है।



