पश्चिम रेलवे द्वारा उपनगरीय रेल सेवाओं के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए रविवार, 22 नवंबर 2026 को चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल स्टेशनों के बीच पांच घंटे का जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अरुण कुमार मीणा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह जम्बो ब्लॉक रविवार को सुबह 10:35 बजे से दोपहर 15:35 बजे तक अप और डाउन स्लो लाइनों पर प्रभावी रहेगा। ब्लॉक अवधि के दौरान चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल के बीच स्लो लाइन पर चलने वाली सभी उपनगरीय ट्रेनों को फास्ट लाइनों पर संचालित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, ब्लॉक के कारण कुछ अप और डाउन उपनगरीय ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी। इसके अलावा चर्चगेट की ओर जाने वाली कुछ लोकल ट्रेनें निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचेंगी और उन्हें बांद्रा अथवा दादर स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया जाएगा।
इससे रविवार को इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। प्रभावित उपनगरीय सेवाओं की विस्तृत जानकारी पश्चिम रेलवे के उपनगरीय खंड के सभी स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे जम्बो ब्लॉक की समय-सारणी और प्रभावित ट्रेनों की जानकारी लेकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह रखरखाव कार्य रेल परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें-
मां को अंतिम प्रणाम, योगी आदित्यनाथ ने साझा किया भावुक संदेश!
गोरखपुर हादसे में निर्दोषों पर कार्रवाई गलत, दोषियों की हो निष्पक्ष जांच : सपा!



