जेफ़्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज़ों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार (30 जनवरी) को एपस्टीन जांच से संबंधित 30 लाख से अधिक नए पन्ने सार्वजनिक किए, जिनमें कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के नाम, ईमेल और तस्वीरों का ज़िक्र है। इन दस्तावेज़ों में ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स के साथ-साथ नए नामों के तौर पर एलन मस्क, गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन और अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक भी सामने आए हैं। नए दस्तावेजों में प्रिंस एंड्रयू एक लड़की पर झुके हुए दिखाई देते है, जिसे पीड़िता कहा जा रहा है। साथ ही उनके द्वारा अपनी दो बेटियों प्रिंसेस बीट्रिस और प्रिंसेस यूजिनी की तस्वीरें एपस्टीन को ईमेल की थीं।
?im=FitAndFill=(596,336))
न्याय विभाग के डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विभाग ने अब फाइलों की समीक्षा पूरी कर ली है और इस प्रक्रिया पर व्हाइट हाउस की कोई निगरानी नहीं थी। विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि जारी दस्तावेज़ों में फर्जी या गलत तरीके से जमा की गई तस्वीरें, दस्तावेज़ या वीडियो भी हो सकते हैं।
नए जारी दस्तावेज़ों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम एक हज़ार से अधिक बार दर्ज है। इनमें FBI द्वारा पिछले वर्ष तैयार की गई उन दर्जनों सूचनाओं का सार भी शामिल है, जिनमें ट्रंप और एपस्टीन से जुड़े आरोपों का उल्लेख किया गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि FBI ने यह सूची किस उद्देश्य से बनाई थी।
ट्रंप ने एक बार फिर एपस्टीन से किसी भी तरह के गलत आचरण से इनकार किया है। टिप्पणी के अनुरोध पर व्हाइट हाउस ने न्याय विभाग के उस सार्वजनिक बयान की ओर इशारा किया, जिसमें कहा गया था कि शुक्रवार को जारी दस्तावेज़ों में फर्जी या गलत तरीके से जमा की गई सामग्री शामिल हो सकती है।
पहले से ही एपस्टीन कांड के चलते शाही उपाधि और आवास गंवा चुके ब्रिटेन के पूर्व प्रिंस एंड्रयू एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। जारी दस्तावेज़ों में उनकी कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह एक महिला के ऊपर झुके हुए दिखाई देते हैं। कुछ तस्वीरों में वह महिला की कमर और पेट को छूते हुए दिखते हैं, जबकि एक तस्वीर में सीधे कैमरे की ओर देखते नजर आते हैं। महिला का चेहरा धुंधला किया गया है और तस्वीरों के संदर्भ, स्थान या समय की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
दस्तावेज़ों में एंड्रयू और एपस्टीन के बीच कई ईमेल भी शामिल हैं। एक ईमेल में एंड्रयू ने लिखा, “यह हफ्ता पूरी तरह मेरे बारे में है। इससे पहले कि बाकी दुनिया अपनी लालच और मांगों के साथ सब कुछ खींच ले, खुद में कुछ वापस डालने का समय है।” ईमेल से संकेत मिलता है कि एंड्रयू अपनी पूर्व पत्नी सारा से जुड़े वेतन विवाद को सुलझाने में मदद के लिए एपस्टीन का धन्यवाद कर रहे थे। अन्य मेल में “द ड्यूक” नामक व्यक्ति, जिसे एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर माना जा रहा हैउसके के साथ बकिंघम पैलेस में “पूरी निजता” के साथ डिनर की चर्चा है। एक अन्य संदेश में एपस्टीन ने 26 वर्षीय रूसी महिला से परिचय कराने का प्रस्ताव भी दिया।
सबसे संवेदनशील खुलासों में यह सामने आया है कि एंड्रयू ने 2008 में एपस्टीन की यौन अपराधों में सजा के कई साल बाद, 2010 और 2011 में, अपनी बेटियों प्रिंसेस बीट्रिस और प्रिंसेस यूजिनी की तस्वीरें एपस्टीन को ईमेल की थीं। इनमें मोंट ब्लांक की चढ़ाई करती बीट्रिस और एक चैरिटी साइक्लिंग कार्यक्रम में भाग लेती यूजिनी की तस्वीरें शामिल हैं। ये तथ्य एंड्रयू के उस दावे के विपरीत हैं कि उन्होंने 2008 के बाद एपस्टीन से संबंध तोड़ लिए थे।
नवीनतम फाइलों में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और एपस्टीन की सहयोगी गिसलेन मैक्सवेल के बीच संवाद का भी उल्लेख है। 2001 से 2004 के बीच क्लिंटन के स्टाफ और मैक्सवेल के बीच नियमित ईमेल आदान-प्रदान दर्ज है। अप्रैल 2003 के एक ईमेल में मैक्सवेल ने लिखा, “खुशी है कि आप डिनर पर आ रहे हैं , जेई पूछ रहे हैं कि क्या क्लिंटन भी आना चाहेंगे बताइए।”
एक अन्य ईमेल में मैक्सवेल ने लिखा कि उसने एक टैब्लॉइड से कहा कि वह किस तरह “आप पर क्रश रखती है और आप ‘घोड़े जैसे ताकतवर’ हैं खैर, आप समझ ही गए होंगे।” यह स्पष्ट नहीं है कि यह मेल सीधे क्लिंटन को भेजा गया था या किसी सहयोगी को। क्लिंटन के प्रवक्ता एंजेल उरेना ने कहा कि इन ईमेल में से कोई भी बिल क्लिंटन द्वारा नहीं भेजा गया।
एलन मस्क, लटनिक और सर्गेई ब्रिन के नाम
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क का नाम भी फाइलों में आया है। 2012 और 2013 के ईमेल में एपस्टीन ने उन्हें अपने कैरेबियाई द्वीप पर आने का निमंत्रण दिया, जिस पर मस्क ने जवाब दिया, “ठीक लगता है, कोशिश करूंगा।” एक अन्य मेल में मस्क ने पूछा, “आपके द्वीप पर सबसे ज़्यादा जंगली पार्टी किस दिन या रात होगी?” हालांकि मस्क ने बाद में कहा कि उन्होंने एपस्टीन के निमंत्रण बार-बार ठुकराए और 2025 में एक्स पर लिखा कि उनके कुछ ईमेल को ,“गलत तरीके से पेश किया जा सकता है।”
दस्तावेज़ों के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक ने 2012 में अपने परिवार के साथ एपस्टीन के निजी द्वीप का दौरा किया था, जो उनके पहले के बयानों के विपरीत है। वहीं, गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन के बारे में ईमेल में न्यूयॉर्क स्थित एपस्टीन के टाउनहाउस में मुलाकात की योजना का ज़िक्र है। एपस्टीन की पीड़िता सारा रैनसम ने 2024 में दावा किया था कि उसने ब्रिन और उनकी तत्कालीन मंगेतर को एपस्टीन के द्वीप पर देखा था।
यह भी पढ़ें:
बलूचिस्तान हिंसा: BLA ने जारी की दो महिला हमलावरों की तस्वीरें
अमेरिका रवाना हुए जयशंकर, ‘क्रिटिकल मिनरल्स’ पर रणनीतिक सहयोग पर होंगी अहम वार्ताएं
भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के चलते पाकिस्तान पर कड़े प्रतिबंधों की आशंका



