आंकड़ों के अनुसार, पराली जलाने के मामलों में 2,484 किसानों पर पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। इन पर कुल 1 करोड़ 24 लाख 95 हजार रुपए का मुआवजा निर्धारित किया गया, जबकि 45 लाख 20 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है।
पटियाला जिले की बात करें तो यहां पराली जलाने की 445 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें से 441 स्थानों का निरीक्षण किया गया और 267 स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई। जिले में 234 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया। इसके तहत कुल 11 लाख 65 हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 5 लाख 10 हजार रुपए की वसूली की गई है।
वहीं, पटियाला जिले में पराली जलाने के मामलों में 265 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 214 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। जिले में 689 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं।
जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फिरोजपुर में सबसे अधिक 918 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके बाद संगरूर में 810, तरनतारन में 711, बठिंडा में 650 और मोगा में 417 मामले सामने आए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में कुल 32.87096 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 99.84 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी थी। वहीं, राज्य स्तर पर कार्रवाई के तहत 41 मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, रिपोर्ट में चालान जारी करने और अधिकारियों के निलंबन का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया है।



