पाकिस्तान के बलूचिस्तान क्षेत्र में सक्रिय संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने अपने अभियान को नया आयाम देते हुए एक नौसैनिक विंग के गठन की घोषणा की है। संगठन ने सोमवार(12 अप्रैल) को जारी बयान में कहा कि उसने हमाल मैरीटाइम डिफेंस फोर्स (HMDF) नाम से अपनी समुद्री इकाई स्थापित की है, जिसे उन्होंने बलूचिस्तान की “राष्ट्रीय नौसेना” की दिशा में एक कदम बताया है।
BLA के अनुसार, इस नई यूनिट का उद्देश्य बलूच समुद्री क्षेत्र की रक्षा करना और अपने अभियान को जमीन से आगे समुद्री सीमाओं तक विस्तारित करना है। संगठन ने दावा किया कि HMDF ने ग्वादर के जिवानी क्षेत्र में अपने पहले समुद्री हमले को भी अंजाम दिया है।
बयान के मुताबिक, यह कथित हमला सुबह करीब 10 बजे “मिल तियाब” पर किया गया, जहां संगठन के लड़ाकों ने पाकिस्तानी नौसेना के एक गश्ती पोत को निशाना बनाया। BLA ने दावा किया कि इस हमले में नौसेना के तीन कर्मियों नाइक अफजल, सिपाही जमील और सिपाही उमर की मौत हुई।
BLA attacks Gwadar port
— Kreately.in (@KreatelyMedia) April 13, 2026
संगठन ने यह भी कहा कि हमले के बाद उसके लड़ाके सुरक्षित ठिकानों पर लौटने में सफल रहे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है और पाकिस्तान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
BLA ने अपने बयान में कहा कि नौसैनिक विंग का गठन उसके सैन्य अभियान में रणनीतिक बदलाव के तहत किया गया है। संगठन ने संकेत दिया कि अब वह अपने अभियानों को समुद्री क्षेत्रों में भी विस्तार देगा और पाकिस्तान की नौसैनिक गतिविधियों को चुनौती देगा। संगठन ने यह भी दावा किया कि HMDF का उद्देश्य बलूच संसाधनों के समुद्रीक शोषण को रोकना और तटीय क्षेत्रों की रक्षा करना है। इस कदम को उसने अपने व्यापक अलगाववादी आंदोलन का हिस्सा बताया है।
इस बीच, BLA के मीडिया विंग ‘हक्काल’ ने लगभग ढाई मिनट का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कथित तौर पर हमले की झलक दिखाई गई है। वीडियो में नकाबपोश लड़ाके समुद्र की ओर बढ़ते और स्पीडबोट में सवार होते नजर आते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह के दावे सही साबित होते हैं, तो यह पाकिस्तानी नौसेना के लिए सिरदर्द बन कर उभर सकता है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि के अभाव में स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें:
अमेरिकी नाकेबंदी और भी सख्त: चीनी प्रतिबंधित टैंकर ‘रिच स्टार्री’ होर्मुज़ लौटने को मजबूर
अडानी एनर्जी सोल्यूशंस: कुडस-आरे के बीच 1,000 MW हाई वॉल्टेज डायरेक्ट करंट संचरण लिंक की शुरुवात
7 साल बाद भारत पहुंचा ईरानी कच्चा तेल; भारतीय जहाजों पर ‘कोई टोल नहीं’
