मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली–एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में सर्दी और अधिक बढ़ सकती है। यूपी में कानपुर 5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि इटावा में 5.6 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली–एनसीआर जहां एक ओर ठिठुरन महसूस कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जहरीली हवा की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी का एक्यूआई 335 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाएं सर्दी को और बढ़ा रही हैं तथा इसका असर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने 7 और 8 दिसंबर को शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
ठंडी हवाओं के कारण कई इलाकों में सुबह-शाम कोहरा बढ़ने की संभावनाएं हैं। घने कोहरे से दृश्यता कम हो सकती है, जिसका प्रभाव रेल और हवाई सेवाओं पर पड़ सकता है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में 8-9 दिसंबर को हिमपात का अनुमान है।
मंडी और बिलासपुर में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुकुमसेरी में तापमान -5.6 और ताबो में -4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में शोपियां सबसे ठंडा रहा, जहां पारा माइनस 6.4 डिग्री तक गिर गया। हल्के बादल और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड में भी 7 दिसंबर से उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के आसार हैं।
राजस्थान में भी ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। राज्य के 18 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 2.3 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि चूरू, सीकर, नागौर और पाली में तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: तेज धमाका, भारी भीड़ में 25 लोगों की मौत!



