नए सीजन की बेहतरीन शुरुआत के बाद सिटी आत्मविश्वास के साथ प्रीमियर लीग के इस बड़े मुकाबले में उतर रही है, लेकिन डियास ने कहा कि यूनाइटेड के खिलाफ लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
डियास ने ‘जियो स्टार’ से कहा, “यह एक मुश्किल गेम है। यह प्रीमियर लीग है। आप जानते हैं कि इसका क्या मतलब है। हम आत्मविश्वास के साथ इसमें उतर रहे हैं और खेलने के लिए बेताब हैं। यह हाई लेवल का गेम है और यही इस लीग की खूबसूरती है।
डिफेंडर ने नए मैनेजर एन्जो के अंडर सिटी की अच्छी शुरुआत और उनकी रणनीतिक सोच के हिसाब से ढलने की प्रक्रिया के बारे में भी बात करते हुए कहा, “नए सीजन की शुरुआत बहुत अच्छी रही है। बहुत-सी चीजें बदली हैं, लेकिन आखिर में, बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। आस-पास एक नई ऊर्जा है और अच्छा महसूस हो रहा है।”
डियास ने कहा कि एन्जो सिटी के गेम के अटैकिंग और डिफेंसिव दोनों पहलुओं के लिए खास सोच लेकर आए हैं, जबकि टीम ने कुछ ऐसी खूबियां बनाए रखी हैं जिन्होंने हाल के वर्षों में उनकी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा, “एन्जो की गेम को देखने के बारे में अपनी खास सोच है, चाहे वह अटैक हो या डिफेंस, लेकिन कुल मिलाकर, यह अभी भी वही गेम है जिसे खेलने की हमें आदत थी।
समर के दौरान सिटी की टीम में भी बड़े बदलाव हुए हैं, कई खिलाड़ी क्लब छोड़कर गए हैं और नए चेहरे आए हैं। डियास का मानना है कि यह बदलाव फुटबॉल का हिस्सा है और उन्होंने कहा कि क्लब के मानकों में कोई बदलाव नहीं आया है।
सिटी की मौजूदा टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक, डायस ने क्लब में अपने समय और पिछली पीढ़ी के कई खिलाड़ियों के साथ खेलने से मिली सीख के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “समय तेजी से बीतता है, और जब तक यह समय है, इसका लुत्फ उठाना चाहिए। यह मुख्य रूप से उन लोगों के साथ बहुत कुछ अनुभव करने और बहुत कुछ जीतने का अनुभव है जो पहले क्लब में थे; यह जानना कि जीतने के लिए क्या जरूरी है और हर दिन कैसी निरंतरता बनाए रखनी होती है।”
पुर्तगाली डिफेंडर अब उस अनुभव का इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगे जब सिटी का सामना यूनाइटेड से होगा- मैनचेस्टर राइवलरी का एक और बहुप्रतीक्षित मुकाबला।



