होली का त्योहार : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं !

होली का त्योहार : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं !

Holi festival: Many leaders including President Draupadi Murmu and Prime Minister Narendra Modi extended their best wishes!

होली, रंगों और उमंग का पर्व, पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह त्योहार न केवल खुशी और उत्साह का प्रतीक है, बल्कि भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं है।

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति की ओर से होली की शुभकामनाएं: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और सकारात्मकता को दर्शाता है। यह होली हमें अपने विचारों में करुणा, अपने कार्यों में दयालुता और अपने दृष्टिकोण में राष्ट्र के प्रति आशा का रंग भरने की प्रेरणा देती है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले, 13 मार्च को ही होली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा था, “आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करे, और देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”

अन्य नेताओं की शुभकामनाएं: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी होली की बधाई देते हुए कहा, “उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व ‘होली’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में समृद्धि, उन्नति और खुशहाली लेकर आए।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में लिखा, “होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे, यही मंगलकामना है। आपकी होली आनंदमय और सुरक्षित हो!”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “समस्त देशवासियों को होली की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं देता हूं। मैं कामना करता हूं कि यह पर्व आप सभी के जीवन में उमंग, आनंद और उल्लास का संचार करे। सभी सुख, समृद्धि व सौभाग्य से परिपूर्ण हों।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुभकामनाएं: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा, “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं! यह पर्व एकता और सौहार्द का प्रतीक है, जो हमें प्रेम और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम से कामना है कि यह त्योहार आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि और नव उमंग के रंगों से परिपूर्ण करे।”

देशभर में हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया जा रहा है। लोग अपने मित्रों, परिजनों और प्रियजनों के साथ रंग-गुलाल उड़ाकर इस पावन उत्सव का आनंद ले रहे हैं। विभिन्न राज्यों में होली के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। इस उत्सव ने एक बार फिर देश में खुशियों और सौहार्द का माहौल बना दिया है।

यह भी पढ़ें:

झारखंड: होली और रमजान के मद्देनजर रांची में पुलिस बल का फ्लैग मार्च! 

उत्तर प्रदेश: होली पर संभल के बाद बरेली में भी नमाज का समय बदला!

इजरायली सेना के लेबनान के बेका में हवाई हमले

Exit mobile version