गुजरात के आणंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, ‘साईं दर्शन ट्रैवल्स’ की लग्जरी बस सूरत से राजस्थान की ओर यात्रियों को लेकर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 4 बजे बस आणंद से नडियाद की ओर जा रही थी, तभी अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर उसकी टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सो रहे यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। हादसे की जानकारी मिलते ही लोकल पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस ने लोकल लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांचों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक्सीडेंट के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को क्लियर कराया। इस बारे में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हो सकता है कि ड्राइवर ने ओवरटेक करने की कोशिश में गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया हो या फिर सुबह-सुबह ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह एक्सीडेंट हुआ हो।
यह भी पढ़ें-



