36 साल के भुवनेश्वर ने भारत की जर्सी में अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला नवंबर 2022 में खेला था। वह अपने इंटरनेशनल करियर में अब तक 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी20 इंटरनेशनल मैच चुके हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कहा कि देश का प्रतिनिधित्व करने का अपना सपना पूरा करने के बाद, उन्हें अब खुद को साबित करने का कोई दबाव महसूस नहीं होता।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पॉडकास्ट एपिसोड में बात करते हुए भुवनेश्वर ने कहा, “मैं आईपीएल और घरेलू क्रिकेट इसलिए खेल रहा हूं, क्योंकि मुझे खेल से प्यार है। जब आप युवा होते हैं और भारत के लिए खेलते हैं, तो आप कहते हैं कि आपको खेल से प्यार है।
अनुभवी भारतीय गेंदबाज ने आगे कहा, “मैं पहले ही भारत के लिए खेल चुका हूं। अब मुझे कुछ और हासिल नहीं करना है। अगर मुझे एक और मौका मिलता है, तो यह बहुत अच्छी बात होगी, लेकिन मैं वह अनुभव ले चुका हूं। मैं अभी जो कुछ भी कर रहा हूं, वह खेल के प्रति मेरे प्यार की वजह से है। मुझे पता है कि मुझे अनुशासित रहना है।
इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर अपनी जिंदगी के बारे में बात करते हुए दाएं हाथ के गेंदबाज ने बिना किसी पछतावे या कड़वाहट के आगे बढ़ने में मदद के लिए अपने परिवार के माहौल को श्रेय दिया। उन्होंने कहा, “मैं पूरी तरह से सुकून में हूं, और इसका श्रेय मैं अपने परिवार को देता हूं। घर पर हम कभी क्रिकेट के बारे में बात नहीं करते।
उन्होंने आगे कहा, “मैं समझता हूं कि बदलाव खेल का हिस्सा है। मैं समझता हूं कि पीढ़ियां बदलती रहती हैं। मैं ऐसा अनुभव करने वाला पहला खिलाड़ी नहीं हूं और निश्चित रूप से आखिरी भी नहीं होऊंगा। यह खेल का हिस्सा है। परिवार इसमें बड़ी भूमिका निभाता है। मैं जहां हूं, वहां खुश हूं।”
देश की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों का मार्केटकैप 2.51 लाख करोड़ रुपए बढ़ा!



