इंडोनेशिया का भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल खरीदने का समझौता

समुद्री रक्षा क्षमता बढ़ाने पर जोर

इंडोनेशिया का भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल खरीदने का समझौता

India and Russia to jointly develop new BrahMos missile with 800 km range

दक्षिण-पूर्व एशिया में रक्षा सहयोग को मजबूत करते हुए इंडोनेशिया ने भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल प्रणाली खरीदने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस जानकारी की पुष्टि इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रिको रिकार्डो सिराइट ने सोमवार (9 मार्च) को की।

रिपोर्ट के अनुसार यह समझौता इंडोनेशिया की सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण की रणनीति का हिस्सा है, खासकर समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से। इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह कदम देश की रक्षा तैयारियों को और अधिक मजबूत करेगा।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रिको रिकार्डो सिराइट ने कहा कि यह समझौता “यह मिलिट्री हार्डवेयर और डिफेंस क्षमताओं के मॉडर्नाइज़ेशन का हिस्सा है, खासकर समुद्री सेक्टर में।” हालांकि उन्होंने इस सौदे की कुल कीमत के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी।

200 से 350 मिलियन डॉलर के बीच हो सकता है सौदा:

इससे पहले वर्ष 2023 में ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने रॉयटर्स को बताया था कि जकार्ता के साथ ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली की खरीद को लेकर उन्नत स्तर की बातचीत चल रही है। उस समय इस संभावित समझौते का मूल्य लगभग 200 मिलियन से 350 मिलियन डॉलर के बीच बताया गया था।

ब्रह्मोस एयरोस्पेस भारत और रूस की सरकारों के संयुक्त स्वामित्व वाली कंपनी है, जो दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल प्रणालियों में से एक ब्रह्मोस का निर्माण करती है। यह मिसाइल जमीन, समुद्र और हवा से दागी जा सकती है और अपनी उच्च गति तथा सटीकता के कारण कई देशों की रुचि का केंद्र रही है।

ब्रह्मोस ने अपना पहला विदेशी रक्षा सौदा 2022 में दक्षिण-पूर्व एशिया के ही देश फिलीपींस के साथ किया था। फिलीपींस ने अपनी तटीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इस मिसाइल प्रणाली को खरीदा था।

इंडोनेशिया के साथ हुआ नया समझौता क्षेत्र में भारत के बढ़ते रक्षा निर्यात और सामरिक सहयोग को दर्शाता है। हालांकि इस सौदे के बारे में अधिक विवरण अभी सामने नहीं आए हैं। इस मुद्दे पर ब्रह्मोस एयरोस्पेस और भारत के रक्षा मंत्रालय ने तत्काल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

यह भी पढ़ें:

बजट वेबिनार में पीएम मोदी बोले, शिक्षा को रोजगार-उद्यम से जोड़ना जरूरी!

क्यों फिट बॉडी और माइंड के लिए जरूरी है ‘हिट’ माइक्रोबायोम?

बेंगलुरु: होटलों की बंदी को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का समर्थन

अमेरिकी प्रशासन से Claude AI को हटाने की तैयारी; एंथ्रोपिक ने पेंटागन पर दायर किया मुकदमा

Exit mobile version