सऊदी अरब में पुलिस और तस्करों की मुठभेड़ में झारखंड के युवक की मौत, परिवार को न्याय और मुआवजे की मांग!

सऊदी अरब में पुलिस और तस्करों की मुठभेड़ में झारखंड के युवक की मौत, परिवार को न्याय और मुआवजे की मांग!

jharkhand-worker-killed-in-saudi-police-encounter-family-demands-justice

सऊदी अरब के जेद्दा में हुई एक मुठभेड़ के दौरान झारखंड के गिरिडीह जिले के 27 वर्षीय विजय कुमार महतो की गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना पिछले महीने स्थानीय पुलिस और कथित शराब तस्करों के बीच गोलीबारी चल रही थी। विजय, जो वहां एक निजी कंपनी में काम करता था, गलती से इस क्रॉसफायर में फंस गया।

विजय महतो गिरिडीह के दुधापनिया गांव का निवासी था और पिछले नौ महीनों से ह्युंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में टॉवर लाइन फिट्टर के रूप में कार्यरत था। घटना वाले दिन वह अपने वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर साइट पर सामग्री लेने गया था, जब पुलिस ने एक एंटी-स्मगलिंग अभियान के दौरान गोलीबारी शुरू की। उसी दौरान वह वहां से गुजर रहा था और पुलिस की गोली से घायल हो गया।

घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 24 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई।  रिपोर्ट के अनुसार, घायल होने के बाद विजय ने अपनी पत्नी बसंती देवी को व्हाट्सएप पर एक वॉइस मैसेज भेजा था, जिसमें उसने बताया था कि वह गोलीबारी में फंस गया है और घायल है। परिवार को शुरू में लगा कि वह इलाज के दौरान बच गया है, लेकिन 24 अक्टूबर को कंपनी ने उन्हें उसकी मौत की सूचना दी।

सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली प्रवासी श्रमिकों के मुद्दों पर काम करते हैं, उन्होंने बताया कि यह गोलीबारी जेद्दा पुलिस और अवैध शराब व्यापार से जुड़े गिरोह के बीच हुई थी। उन्होंने कहा, “बसंती देवी ने यह संदेश अपने ससुराल वालों को बताया, लेकिन वे सोचते रहे कि विजय का इलाज चल रहा है। बाद में कंपनी ने पुष्टि की कि वह मारा गया।”

घटना के बाद दुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो ने सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच और शव को शीघ्र भारत लाने की व्यवस्था की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में यह भी कहा कि मृतक के परिवार को कानूनी और आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।

झारखंड के श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वे सऊदी अरब में भारतीय दूतावास से संपर्क में हैं और शव को भारत लाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। माइग्रेंट कंट्रोल सेल की टीम लीडर शिखा लकड़ा ने कहा, “हमें घटना की जानकारी मिलने के बाद हमने तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क किया। अब हम जेद्दा पुलिस से समन्वय कर रहे हैं ताकि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को भारत लाया जा सके।”

सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने बताया कि उन्होंने राज्य श्रम विभाग और गिरिडीह जिला प्रशासन को इस मामले में सहायता करने और सऊदी अधिकारियों से मुआवजा दिलाने की अपील की है। विजय महतो अपने पीछे पत्नी बसंती देवी, दो छोटे बेटे ऋषि कुमार (5) और रोशन कुमार (3), पिता सूर्यनारायण महतो और मां सावित्री देवी को छोड़ गए हैं।

यह भी पढ़ें:

डायबिटीज मरीजों के लिए नाशपाती वरदान, दिल का भी रखता है ख्याल!

पश्चिम बंगाल: दुर्गापुर गैंगरेप मामले में पुलिस ने दाखिल की 861 पन्नों की चार्जशीट, छह आरोपी गिरफ्तार

भारत में बनेगी MQ-सीरीज़ ड्रोन: L&T और अमेरिकी कंपनी जनरल एटोमिक्स की साझेदारी!

Exit mobile version