ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष अभी शांत नहीं हुआ है, बल्की पिछले कुछ हफ्तों से अमेरिका के संभावित हमले की आशंका के कारण, ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग कर ईरान छोड़ने की सलाह दी है। देश के कुछ हिस्सों में जारी सरकार-विरोधी प्रदर्शनों की नई जानकारी के मद्देनजर यह सलाह दी गई है।
ताजा सलाह में कहा गया है, “भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2026 को जारी सलाह और ईरान की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए, वर्तमान में ईरान में मौजूद भारतीय नागरिक छात्र, तीर्थयात्री, व्यवसायी और पर्यटक को व्यावसायिक उड़ानों सहित उपलब्ध परिवहन माध्यमों से ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है।” अमेरिका के संभावित हमले की खबरों के बीच यह घटना हुई है, हालांकि परमाणु समझौते को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता जारी है और अगली बैठक गुरुवार (26 फरवरी) को जिनीवा में होगी।
दूतावास ने जनवरी की शुरुआत में जारी निर्देशों को दोहराया, जिसमें सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के व्यक्तियों को सतर्क रहने, प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने, मिशन से संपर्क बनाए रखने और अपडेट के लिए स्थानीय मीडिया देखने की सलाह दी गई है। साथ ही नागरिकों को अपने यात्रा और आव्रजन दस्तावेज, जैसे पासपोर्ट और पहचान पत्र, हमेशा साथ रखने और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है।
अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है, उन्नत फ्रिगेट, लड़ाकू विमान और समन्वय इकाइयों सहित अन्य संसाधन तैनात किए हैं, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार ईरान पर समझौता करने का दबाव डाला है। ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी है कि यदि कूटनीति विफल होती है तो ईरान पर सीमित हमले हो सकते हैं।
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्टों के अनुसार, छह सप्ताह पहले हुए देशव्यापी प्रदर्शनों पर कार्रवाई में मारे गए लोगों की स्मृति कार्यक्रम के दौरान तेहरान और अन्य शहरों में विश्वविद्यालय छात्रों ने प्रदर्शन किए। राजधानी और मशहद के कई विश्वविद्यालयों में प्रदर्शन की खबर है, जिनमें सरकार समर्थक और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें भी हुईं।
यह भी पढ़ें:
ड्यूरंड रेखा के पार भड़की आग: 48 घंटों में पाक व अफगानिस्तान में 31 पख्तून हताहत!
बांग्लादेश सेना में बड़ा फेरबदल; भारत में स्थित रक्षा सलाहकार को वापस बुलाया



