25 दिसंबर 1861 को त्रिवेणी संगम और पुण्य भूमि तीर्थराज प्रयाग में जन्मे मदन मोहन मालवीय के अपने सिद्धांतों पर बने रहने का एक उदाहरण यह है कि उन्होंने कालाकांकर रियासत के राजा रामपाल सिंह की ओर से शर्त का उल्लंघन किए जाने पर अपना पद छोड़ दिया था और फिर कभी उसकी ओर देखा नहीं।
निर्धन परिवार में जन्म लेने के कारण मदन मोहन मालवीय अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख सके थे। अपनी मां के कहने पर 1885 में उन्होंने 40 रुपए महीने की तनख्वाह पर एक सरकारी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया था। अगले साल यानी 1886 में जब वे कोलकाता गए थे, वहां उनकी राजा रामपाल सिंह से मुलाकात हुई थी।
राजा रामपाल सिंह उस समय अपने हिंदी समाचार पत्र ‘हिन्दुस्थान’ के लिए संपादक तलाश रहे थे। उस मुलाकात के बाद राजा रामपाल सिंह की यह खोज मदन मोहन मालवीय पर आकर खत्म हुई। राजा रामपाल के आग्रह पर मालवीय ने पद संभाल लिया। मालवीय जी इस शर्त पर संपादक बने थे कि राजा साहब कभी शराब पीकर उनसे बात नहीं करेंगे। उस समय राजा रामपाल ने शर्त को स्वीकार कर लिया था।
महामना मदन मोहन मालवीय के पौत्र गिरधर मालवीय ने एक इंटरव्यू में कहा था, “राजा-महाराज लोग इस वैभव में रहते थे, बहुत सी चीजें ऐसी होती थीं, जो मालवीय जी के हिसाब से उनके व्यक्तिगत मत के अनुसार उचित नहीं थीं। उसमें उनका सबसे अधिक विरोध यह था कि जब कोई मद्यपान करता है तो उसे किसी से नहीं मिलना चाहिए। अत: वहां की पत्रकारिता स्वीकार करने की शर्त उन्होंने रखी थी।”
इसके बाद महामना ने कालाकांकर में समाचार पत्र का संपादन शुरू किया था। हालांकि, एक दिन राजा रामपाल सिंह ने शराब पीकर उनसे बात की, जिससे नाराज होकर मालवीय जी ने तुरंत इस्तीफा दे दिया था।
उस समय मदन मोहन मालवीय ने वकालत पढ़ी नहीं थी, इसलिए राजा रामपाल सिंह के आग्रह पर उन्होंने कानून की पढ़ाई शुरू की थी। 1891 में उन्होंने कोलकाता से एलएलबी की परीक्षा पास की और 1893 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत शुरू कर दी।
वे जल्द ही इतने निपुण हो चुके थे कि उनका नाम इलाहाबाद हाईकोर्ट के सबसे ऊपर के चार वकीलों में लिया जाने लगा था।
