रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पश्चिम रेलवे में राजभाषा के प्रचार-प्रसार और हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान रेलकर्मियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 को पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय भवन परिसर में राजभाषा प्रदर्शनी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री विनोद कुमार ने महाप्रबंधक एवं अपर महाप्रबंधक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने राजभाषा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में पश्चिम रेलवे के विभिन्न विभागों द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों को आकर्षक एवं व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित किया गया। महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय सहित सभी विभागाध्यक्षों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इसके पश्चात रेलकर्मियों द्वारा हिंदी की महत्ता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से हिंदी को भारत की एक समावेशी भाषा के रूप में प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि देश की विभिन्न क्षेत्रीय एवं भारतीय भाषाएं हिंदी में माणिक-मोती के समान जुड़ी हुई हैं। हिंदी इन भाषाओं की विविधता को आत्मसात करते हुए देश की भाषायी एकता और सांस्कृतिक समृद्धि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक, सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्रीमती सुनीता अहिरे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें-
अन्नपूर्णा योजना की नई किस्त जारी, पीएम मोदी बोले- महिलाओं का बढ़ा आत्मविश्वास!
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, भेजा खास संदेश!
