अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने साल 1982 की फिल्म ‘ये वादा रहा’ की यादों को फिर से ताजा किया। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत को-एक्टर ऋषि कपूर को याद करते हुए उन्हें ‘रोमांस का किंग’ बताया।
तुम हो न – घर की सुपरस्टार शो में पहुंचीं अभिनेत्री के सामने होस्ट राजीव खंडेलवाल ने फिल्म का एक लोकप्रिय गाना गुनगुनाया, जिसके बाद अभिनेत्री ने ध्यान दिलाया कि आज के समय में उसका मशहूर क्लैप सीक्वेंस सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। मुस्कुराते हुए उन्होंने सुधारते हुए कहा, “नहीं नहीं नहीं, गलत किया। ताली ऐसे नहीं है।”
जब राजीव ने उनसे असली तरीका दिखाने का अनुरोध किया तो पूनम ने बताया कि फिल्म में उनके और ऋषि कपूर द्वारा किया गया क्लैप पैटर्न आज लोगों को याद रहने वाले पैटर्न से अलग था।
उन्होंने कहा, “गलत है यह। ओरिजिनल फिल्म में जो ताली थी, वह चिंटू जी और हमने जो की थी, वह अलग तरह की ताली थी।”
स्टेज पर उस सीन को दोहराते हुए उन्होंने समझाया, “वह ऐसे था… ‘मिल जाए इस तरह…’ (ताली पैटर्न) ‘टा-टा टा-टा टा-टा…”
फिल्म की शूटिंग को याद करते हुए पूनम ने कहा, “बहुत ही खुशमिजाज गाना था। यह इतना फास्ट था कि हमें भी बहुत अलर्ट रहना पड़ता था, लेकिन आज के समय में लोगों ने इसका आसान तरीका निकाल लिया और बस वैसे ही करने लगे।”
दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर, जिन्हें पूनम ढिल्लों प्यार से ‘चिंटू जी’ बुलाती थीं, का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया, हम सब रिहर्सल करते थे। आपको देखकर कभी लगता है क्या कि हम लोग रिहर्सल नहीं करते थे? वो ‘टक टक टक टक’ कैसे सीखा? जब गाना चलता था, तो चिंटू जी… वे रोमांस के किंग थे। उनका एक्सप्रेशन, उनका अंदाज शानदार रहता था।”
उनकी इस बात से सहमत होते हुए होस्ट राजीव खंडेलवाल ने कहा, “आज तक मैंने ऐसा कोई अभिनेता नहीं देखा जो उनकी तरह गानों पर रिएक्ट कर सके।”



