एयर शो के दौरान दो अमेरिकी लड़ाकू विमान आपस में टकराए, बाल बाल बचे 4 पायलट

इडाहो के माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर बड़ा हादसा टला, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ टक्कर और विस्फोट का वीडियो

एयर शो के दौरान दो अमेरिकी लड़ाकू विमान आपस में टकराए, बाल बाल बचे 4 पायलट

Two US fighter jets collided during an air show, with four pilots having a narrow escape.

अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित एक एयर शो के दौरान रविवार (17 मई)को अमेरिकी नौसेना के दो लड़ाकू विमान स्टंट के दौरान आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हालांकि इस बड़े हादसे में दोनों विमानों में मौजूद सभी चार क्रू सदस्य समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहें। अधिकारियों ने बताया कि सभी की स्थिति स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

यह दुर्घटना पश्चिमी इडाहो स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस के पास आयोजित ‘गनफाइटर स्काईज़ एयर शो’ के दूसरे दिन हुई। अमेरिकी पैसिफिक बेड़े की नेवल एयर फोर्स की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमायम ने बताया कि हादसे में शामिल दोनों विमान अमेरिकी नौसेना के EA-18G ग्राउलरजेट थे, जो वाशिंगटन के व्हिडबी आइलैंड स्थित इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 (VAQ-129) से जुड़े थे।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:10 बजे हवाई प्रदर्शन के दौरान आपस में टकरा गए। टक्कर एयर बेस से लगभग दो मील उत्तर-पश्चिम दिशा में हुई। टक्कर के तुरंत बाद सभी चार पायलटों ने इजेक्ट कर पैराशूट के जरिए सुरक्षित लैंडिंग की।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि दोनों लड़ाकू विमान हवा में टकराने के बाद तेजी से नीचे गिरते हुए आग की लपटों में घिर गए। आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। वीडियो में चार पैराशूट भी स्पष्ट नजर आए, जिससे पुष्टि हुई कि सभी एयरक्रू समय रहते बाहर निकल गए थे।

366वें फाइटर विंग के कमांडर कर्नल डेविड आर. गंटर ने बयान जारी कर कहा, “हम बहुत आभारी हैं कि आज की घटना में शामिल सभी लोग सुरक्षित हैं।” उन्होंने आपातकालीन सेवाओं और राहतकर्मियों की सराहना करते हुए आगंतुकों के धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

घटना के बाद दोपहर 12:30 बजे एयर बेस को तत्काल लॉकडाउन कर दिया गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान बेस पर मौजूद दर्शकों को कुछ समय तक वहीं रुकने के लिए कहा गया ताकि आपातकालीन टीमें बिना बाधा काम कर सकें। बाद में करीब 3 बजे लोगों को बेस से बाहर जाने की अनुमति दी गई।

माउंटेन होम पुलिस ने दुर्घटना के बाद में घोषणा की कि एयर शो को रद्द कर दिया गया है और लोगों से एयर बेस की ओर यात्रा न करने की अपील की गई है। फिलहाल अमेरिकी नौसेना और संबंधित एजेंसियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी और सुरक्षा विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:

चीन में 5.3 तीव्रता के भूकंप से तबाही, दो लोगों की मौत

प्रेस स्वतंत्रता पर नीदरलैंड की टिप्पणी को भारत ने किया खारिज, कहा- “भारत को समझने में कमी”

इमरान खान सरकार का तख़्तापलट करने वाला पाकिस्तान-अमेरिका के बीच का ‘सीक्रेट साइफर’ लीक

प्रधानमंत्री मोदी को स्वीडन ने ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार – कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ पुरस्कार से किया सम्मानित

Exit mobile version