बांग्लादेश की राजनीति में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। खासकर आर्थिक मोर्चे पर देश की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने अंतरिम सरकार और उसके प्रमुख मुहम्मद यूनुस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मौजूदा प्रशासन ने देश को गहरे संकट में धकेल दिया है।
अवामी लीग ने आरोप लगाया कि यूनुस सरकार एक साल से सत्ता में रहने के बावजूद राजनीतिक स्थिरता लाने में पूरी तरह विफल रही है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा, “इस स्थिति की जिम्मेदारी पूरी तरह से मौजूदा नेतृत्व पर है। सत्ता में एक साल रहने के बाद भी अंतरिम सरकार राजनीतिक स्थिरता स्थापित करने में नाकाम रही है। इसके बजाय, नए-नए संकट सामने आ रहे हैं। जिसने खुद को ‘सुधारक’ बताया था, उसी प्रशासन ने 20 सालों में सबसे कम आर्थिक विकास दर हासिल की है।”
अवामी लीग ने हाल के महीनों में विश्वविद्यालय परिसरों में अशांति और राजनीतिक दलों के बीच झड़पों को स्थिरता की विफलता का सबूत बताया। हाल ही में जातीय पार्टी (जापा) और गोनो अधिकार परिषद के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक भिड़ंत के बाद सेना ने सीधे हस्तक्षेप करते हुए लाठीचार्ज किया। पार्टी ने कहा कि “जब सेना राजनीतिक विवादों को सुलझाने के लिए आगे आती है, तो इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल उठते हैं।”
अवामी लीग के मुताबिक, राजनीतिक अस्थिरता का सबसे बड़ा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। पार्टी ने आंकड़े देते हुए कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश की जीडीपी वृद्धि दर घटकर 3.97% रह गई है, जो बीते दो दशकों में सबसे कम है। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं बल्कि उस हकीकत का प्रतीक है जिसमें लाखों लोगों की नौकरियां गई हैं, आय घटी है और गरीबी बढ़ी है।
पार्टी ने कहा कि निवेशक अब ‘रुको और देखो’ की नीति अपना रहे हैं। नई परियोजनाएं शुरू नहीं हो रही हैं और पुरानी परियोजनाएं खतरे में हैं। जून के अंत तक निजी क्षेत्र में कर्ज वृद्धि दर भी केवल 6.4% रही, जो बताता है कि निवेशकों का भरोसा तेजी से गिरा है।
अवामी लीग ने आगाह किया कि इस अनिश्चितता और अस्थिर माहौल का खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है और युवाओं के सामने रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं। पार्टी ने कहा, “अर्थव्यवस्था को ठीक होने में वक्त लगता है, लेकिन नए घाव देने में बिल्कुल भी समय नहीं लगता। अगर हिंसा और अशांति यूं ही जारी रही, तो बांग्लादेश और गहरे संकट में फंस जाएगा।”
यह भी पढ़ें:
ट्रंप-मोदी संबंधों पर बोले पूर्व अमेरिकी NSA जॉन बोल्टन, कहा- “अब वह रिश्ता खत्म हो गया”
वीडिओ वायरल होने के बाद, अजित पवार गुट के NCP कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज!
लखनऊ में फर्जी IAS अफसर गिरफ्तार, लग्जरी कारें और फर्जी पास बरामद!



