गर्मियों के मौसम में खानपान की जरा सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ जाती है। ऐसे में रसोई घर के मसालों में शामिल सौंफ एक बेहतरीन औषधि के रूप में काम आती है। ठंडी तासीर वाली सौंफ न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि कई छोटी-छोटी शारीरिक दिक्कतों से तुरंत राहत भी दिलाती है। रोजाना मात्र आधी या एक चम्मच सौंफ का सही तरीके से इस्तेमाल करने पर कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स से हमेशा के लिए निजात मिल सकती है।
पोषक तत्वों का पावरहाउस है सौंफ
सौंफ को केवल माउथ फ्रेशनर समझना भूल होगी, क्योंकि यह सेहत के लिए जरूरी पोषक तत्वों का भंडार है।
यूएस डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर के मुताबिक, “100 ग्राम सौंफ में 1.24 ग्राम प्रोटीन और 3.1 ग्राम टोटल डायटरी फाइबर पाया जाता है।”
इसके अतिरिक्त, सौंफ में भरपूर मात्रा में कैल्शियम, मैग्नीशियम, मैंगनीज, पोटेशियम, फास्फोरस, विटामिन सी और बी कॉम्प्लेक्स के विटामिन पाए जाते हैं। यही नहीं, इसमें शरीर को स्वस्थ रखने वाले विटामिन ए (कैरेटिन बीटा), विटामिन ई, ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे बेहद जरूरी न्यूट्रिएंट्स भी मौजूद होते हैं, जो आंखों की रोशनी से लेकर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
इन समस्याओं के लिए रामबाण नुस्खे
सौंफ का नियमित और सही इस्तेमाल दैनिक जीवन की कई बड़ी दिक्कतों को दूर कर सकता है:
-
पीरियड्स के दर्द और क्रैम्प्स से मुक्ति: महिलाओं को मासिक धर्म (Periods) के दौरान होने वाले असहनीय दर्द और पेट की गड़बड़ी में सौंफ का पानी बहुत राहत देता है। इसके लिए एक चम्मच सौंफ को पानी में अच्छी तरह उबालकर छान लें। जब यह पानी हल्का गुनगुना रह जाए, तो इसमें एक चम्मच शहद मिलाकर घूंट-घूंट करके पिएं।
-
ब्लोटिंग और गैस की समस्या का खात्मा: अगर भारी भोजन करने के बाद आपको पेट फूलने (ब्लोटिंग) या गैस की शिकायत रहती है, तो भोजन के तुरंत बाद आधी चम्मच सौंफ को चबा-चबाकर खाएं। ऐसा करने से शरीर के पाचन एंजाइम सक्रिय हो जाते हैं, जिससे भोजन का पाचन सही तरीके से होता है। एसिडिटी होने पर सौंफ का पानी पीना तुरंत आराम पहुंचाता है।
-
मुंह की बदबू से छुटकारा: सांसों की दुर्गंध से परेशान लोगों के लिए सौंफ एक बेहतरीन नेचुरल माउथ फ्रेशनर है। सौंफ में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं जो मुंह के कीटाणुओं को खत्म करते हैं। दिन में दो से तीन बार आधी-आधी छोटी चम्मच सौंफ चबाकर खाने से सांसें तरोताजा रहती हैं। कई बार पेट की अत्यधिक गर्मी और खराब डाइजेशन भी मुंह की बदबू का मुख्य कारण बनता है, जिसे सौंफ जड़ से ठीक करती है।
गर्मियों के मौसम में शरीर को रखेगी कूल
चिलचिलाती गर्मी के दिनों में अक्सर लोगों का डाइजेशन बिगड़ जाता है, शरीर का तापमान बढ़ जाता है और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) की समस्या होने लगती है। चूंकि सौंफ की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह गर्मी के दुष्प्रभावों को कम करने में बेहद कारगर है। इन समस्याओं से बचने के लिए गर्मियों में सौंफ का शरबत या सौंफ से बनी हर्बल चाय का सेवन करना बेहद फायदेमंद माना जाता है, जिससे शरीर को अंदरूनी ठंडक और ताजगी मिलती है।
यह भी पढ़ें:
मालवीय नगर अग्निकांड के बाद MCD का सख्त एक्शन, 94 इमारतें ढहाईं और 114 संपत्तियां सील
TMC विधायक मदन मित्रा पर बरसा जनाक्रोश, काफिले पर फेंके गए अंडे
घरेलू LPG सिलेंडर हुआ महंगा, 29 रुपये बढ़ी कीमत
भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश, विदेश मंत्री शिशिर खनाल तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे भारत
