शिवसेना सचिव नार्वेकर के बाद अब अनिल परब के अवैध रिसोर्ट की बारी

शिवसेना सचिव नार्वेकर के बाद अब अनिल परब के अवैध रिसोर्ट की बारी

file photo

मुंबई। पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी सचिव व शिवसेना के सचिव मिलिंद नार्वेकर का अवैध बंगला गिराए जाने के बाद अब परिवहन मंत्री अनिल परब का अवैध बंगला भी ढहाया जाएगा।
सोमैया ने सोमवार को कहा कि मैं आज दोपहर दापोली का दौरा कर रहा हूं। यही पर ये अवैध बंगले बनाये गए हैं। भाजपा नेता ने बताया कि मैंने 25 जून 2021 को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलिंद नार्वेकर के दापोली स्थित अवैध बंगले का पर्दाफाश किया। यह बंगला सीआरजेड के नियमों का उलंघन कर समुन्द्र किनारे बनाया गया था। इसको लेकर सोमैया ने 26 जून को रत्नागिरी के जिलाधिकारी से शिकायत की थी।

इसके बाद सोमैया 30 जून 2021 को दिल्ली में भारत सरकार के पर्यावरण सचिव से मिले थे। दिल्ली की टीम ने बीते 5 जुलाई को नार्वेकर के अवैध बंगले को देखने के लिए दापोली का दौरा किया था। भारत सरकार की टीम ने महाराष्ट्र सरकार के पर्यावरण विभाग के अधिकारियों से कहा कि नार्वेकर का बंगला नियमों की अनदेखी कर बनाया गया है। यह अवैध है, इसे ध्वस्त किया जाना चाहिए और सीआरजेड, पर्यावरण अधिनियम, एमआरटीपी के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। अब तक इस अवैध निर्माण को लेकर महाराष्ट्र सरकार, पर्यावरण और राजस्व मंत्रालय, जिलाधिकारी व ग्रामपंचायत चुप रही थी। यह बंगला सीआरजेड में स्थित 72 गुंठा भूमि पर बनाया गया था।

इसके निर्माण के लिए नार्वेकर ने कोई अनुमति नहीं ली थी। सोमैया ने बताया कि मैंने मुरुड, दापोली में अवैध निर्माण का मुद्दा एनजीटी यानी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में भी उठाया था। अंत में अधिकारियों को मिलिंद नार्वेकर के अवैध बंगले को ध्वस्त करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा सिर्फ अवैध बंगला तोड़ा जाना ही काफी नहीं है। इस मामले में पर्यावरण अधिनियम, सीआरजेड विनियम, एमआरटीपी व आईपीसी के तहत कार्रवाई भी होनी चाहिए। सोमैया ने कहा कि दापोली में शिवसेना नेता व राज्य के परिवहन मंत्री अनिल परब अवैध रिसोर्ट है। अब इसे ढहाने की बारी है। इस पर भी जल्द हथौड़ा चलेगा।

CM ठाकरे के PA का अवैध बंगला जमींदोज

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी सहायक मिलिंद नार्वेकर के अवैध बंगले को बुलडोजर लगाकर जमींदोज कर दिया गया है। कोंकण के दापोली स्थित इस बंगले पर यह कार्रवाई रविवार 22 अगस्त को की गई। कार्रवाई के मद्देनजर भाजपा नेता किरीट सोमैया एक बार फिर आक्रामक होते हुए शिवसेना पर हमला बोला है। सोमैया ने कहा है कि मिलिंद नार्वेकर के बाद अगला नंबर महा विकास आघाड़ी सरकार के एक मंत्री का है।

बिखर गई बंगले की ईंट-ईंट

शिवसेना सचिव मिलिंद नार्वेकर के कोंकण के मुरुड, दापोली में मौजूद इस आलीशान बंगले को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने उसके अवैध होने की शिकायत की थी। सोमैया के मुताबिक इस बंगले के निर्माण के दौरान जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। सोमैया की शिकायत पर मिलिंद नार्वेकर के इस अवैध बंगले को जमींदोज कर दिया गया। जेसीबी से तोड़े गए इस बंगले की ईंट-ईंट बिखर गई।

Exit mobile version