देहरादून में देश का सबसे ऊंचा 181 फीट का रावण दहन होगा

दिल्ली में रावण के साथ जलेगा कॉकरोच

देहरादून में देश का सबसे ऊंचा 181 फीट का रावण दहन होगा

देशभर में आज दशहरा मनाया जाएगा। उत्तराखंड के देहरादून में 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा, जो देश में सबसे ऊंचा बताया गया है। परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्तूबर को 79वां दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार उत्तराखंड के सबसे ऊंचे 181 फीट का रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा जो 21 लाख रुपये की लागत में बनाया गया है।

इसके अलावा कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले के साथ लंका का भी दहन होगा। इस बार भी रावण का दहन रिमोट से किया जाएगा। इसके लिए पुतले में दस बम लगाए गए हैं। शुक्रवार को परेड ग्राउंड में बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। बिरादरी के पदाधिकारियों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी बिरादरी परेड ग्राउंड में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि इस बार रावण की ऊंचाई को बढ़ा दिया गया है।

बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस बार जहां से शोभायात्रा आती है वहां से परेड ग्राउंड में एंट्री नहीं होगी।

वहीं, दिल्ली में रावण के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच का पुतला भी जलाया जाएगा। इंदौर में 111 फीट, कोटा और भोपाल में 105-105 फीट, जबकि रायपुर और उज्जैन में 101-101 फीट ऊंचे रावण के पुतले जलाए जाएंगे। देश में रावण दहन की परंपरा 200 साल से भी पुरानी मानी जाती है। मान्यता है कि 17वीं शताब्दी में तुलसीदास के शिष्य मेघा भगत ने वाराणसी में रामलीला शुरू की थी।

हालांकि, इसका ऐतिहासिक प्रमाण 1834 में ब्रिटिश कलाकार जेम्स प्रिन्सेप के बनाए एक चित्र में मिलता है। इसमें रामनगर में बनारस के राजा के सामने रामलीला और रावण दहन का आयोजन दिखाया गया है। यह चित्र लंदन की ब्रिटिश लाइब्रेरी में मौजूद है।

 

यह भी पढ़ें-

विजयदशमी पर सोने की कीमत बढ़ी

 

Exit mobile version