मुंबई से भोपाल जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में रविवार(26 अप्रैल) को बीच रास्ते तकनीकी खराबी आने के बाद आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 175 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट AI 633 ने उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी थी। इसके बाद तुरंत आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाएं लागू की गईं और विमान को सुरक्षित रूप से भोपाल एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 3:20 बजे उतारा गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही खराबी की जानकारी मिली, सभी आपात प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए। इस दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ,केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और फायर एवं रेस्क्यू टीम के बीच समन्वय स्थापित किया गया, जिससे लैंडिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकी।
घटना के बाद यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई, जिससे राहत की स्थिति बनी रही। हालांकि, इस फ्लाइट की वापसी भोपाल से मुंबई को रद्द कर दिया गया है। इससे लगभग 178 यात्री प्रभावित हुए हैं, जिनके लिए एयरलाइन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एयरलाइन और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
यह भी पढ़े:
निफ्टी 24,000 के पार, सेंसेक्स 400 अंक उछला; सन फार्मा में तेजी, पेटीएम में गिरावट
लश्कर-ए-तैयबा कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की अज्ञातों द्वारा गोली मारकर हत्या
केजरीवाल ने किया जस्टिस स्वर्णा कांत शर्मा की अदालत में पेश होने से इनकार



