बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ 60.4 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में लुकआउट नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
इससे पहले इसी साल अगस्त 2025 में मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में जुहू निवासी और लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज के डायरेक्टर दीपक कोठारी ने शिल्पा और राज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दंपति ने बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जरिए उन्हें 12% ब्याज के वादे के साथ निवेश के लिए राजी किया, लेकिन बाद में पैसे निजी खर्चों में इस्तेमाल कर लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि अप्रैल 2015 में कोठारी ने 31 करोड़ और सितंबर 2015 में 28 करोड़ रुपए कंपनी में निवेश किए थे। हालांकि, 2016 में शिल्पा ने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया, जबकि राज कुंद्रा ने व्यक्तिगत गारंटी दी थी। बाद में 2017 में कंपनी के खिलाफ दिवालियापन की कार्यवाही शुरू हो गई। कोठारी का आरोप है कि उनका पैसा बिजनेस में न लगाकर अन्यत्र खर्च कर दिया गया।
आर्थिक अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस दोनों के ट्रेवल लॉग और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही थी। ऑडिट रिपोर्ट में कुछ संदिग्ध लेन-देन पाए गए, जिसके बाद पूछताछ के लिए उन्हें बुलाया गया। हालांकि, गणेश उत्सव और अन्य कारणों से अब तक पूछताछ नहीं हो सकी। शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पहले ही अपने वकील के जरिए इस मामले को बेबुनियाद करार दे चुके हैं। लेकिन लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद अब दोनों की कानूनी मुश्किलें और गहरी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें:
यूक्रेन संघर्ष पर भारत का रुख: बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र समाधान!
SCO शिखर सम्मेलन पर ट्रंप का बयान,”भारत और रूस अब चीन के साथ”
युद्ध में सफलता के लिए ‘सरप्राइज’ फैक्टर जरूरी : सीडीएस अनिल चौहान



