राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके की बदहाल मुख्य सड़क के निर्माण का टेंडर रद्द किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बुराड़ी से आप विधायक संजीव झा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में क्षेत्र के निगम पार्षदों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने मंत्री प्रवेश वर्मा और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण का काम तत्काल शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विधायक संजीव झा ने दिल्ली सरकार और पीडब्ल्यूडी मंत्री पर बुराड़ी की जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब बुराड़ी की मुख्य 100 फुटा सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी तो उसे रद्द करने की नौबत क्यों आई? टेंडर अवार्ड होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि बुराड़ी की सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संजीव झा ने कहा कि बुराड़ी की 100 फुटा सड़क पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। इस पर चलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। सड़क निर्माण को लेकर उन्होंने खुद पीडब्ल्यूडी समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें की थीं और काफी प्रयासों के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दिनों मंत्री प्रवेश वर्मा बुराड़ी आए थे और उन्होंने 14 अक्टूबर से सड़क निर्माण का काम शुरू कराने का दावा किया था, जबकि वास्तविकता यह है कि सड़क का टेंडर 21 अक्टूबर को किया गया। इतना ही नहीं, उनके मुताबिक टेंडर अभी तक खोला भी नहीं गया है और अब सरकार इसे रद्द करने की बात कह रही है।
आप विधायक ने मंत्री प्रवेश वर्मा से सवाल किया कि जब 14 अक्टूबर से काम शुरू कराने का वादा किया गया था तो वह पूरा क्यों नहीं हुआ? उन्होंने कहा कि बुराड़ी की जनता को तारीख पर तारीख दी जा रही है, लेकिन सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
उन्होंने यह भी पूछा कि टेंडर होने के बाद उसे अवार्ड क्यों नहीं किया गया और अब उसे निरस्त करने के पीछे क्या वजह है? संजीव झा ने टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और सेटिंग का आरोप लगाते हुए मंत्री से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
संजीव झा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में बुराड़ी क्षेत्र में सड़क निर्माण और सीवर व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर काम हुआ था। उनके अनुसार, इलाके में सीवर लाइन का करीब आधा काम पूरा हो चुका था और अक्टूबर 2024 में सड़कों का निर्माण भी कराया गया था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 के बाद से बुराड़ी में सड़कों के निर्माण के लिए कोई नया टेंडर नहीं हुआ। पिछले दो वर्षों से स्थानीय लोग सड़क निर्माण के टेंडर का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी के साथ कई बैठकें करने के बावजूद मंत्री की ओर से केवल आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। विधायक ने भाजपा सरकार पर बुराड़ी के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग अब बदहाल सड़कों से परेशान हो चुके हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक 100 फुटा सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक आम आदमी पार्टी का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी मंत्री प्रवेश वर्मा को इस मुद्दे पर चैन से नहीं बैठने देगी और बुराड़ी की जनता के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान संजीव झा ने दिल्ली सरकार पर अन्य मुद्दों से भी जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूर्वांचल के लोगों की अनदेखी कर रही है। छठ पूजा के दौरान दिल्ली के 100 से अधिक घाटों पर रोशनी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कुछ लोग भी घाटों की अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जता चुके हैं।
संजीव झा ने कहा कि दिल्ली में इस समय वायु प्रदूषण, यमुना के प्रदूषण और बदहाल सड़कों जैसे गंभीर मुद्दे हैं। उनका आरोप है कि प्रदूषित पानी के बीच लोगों को छठ पूजा करनी पड़ी और राजधानी की कई सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन बुनियादी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि असल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहिए।
आप विधायक ने स्पष्ट किया कि बुराड़ी की मुख्य सड़क का निर्माण क्षेत्र की जनता की बुनियादी जरूरत है। जब तक सड़क निर्माण का काम जमीन पर शुरू नहीं होता, तब तक पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी। मंगलवार को मंत्री के आवास पर हुए प्रदर्शन के जरिए आम आदमी पार्टी ने साफ संकेत दिया कि बुराड़ी की सड़क का मुद्दा आने वाले दिनों में भी दिल्ली की राजनीति में गरमाया रह सकता है।



