केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (8 अगस्त) को बिहार के सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम मंदिर में मां जानकी की जन्मस्थली के समग्र विकास कार्य का भूमि पूजन किया और इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में मिथिलांचल की संस्कृति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मिथिलांचल की संस्कृति सही मायनों में भारतीय संस्कृति का अनन्य गहना है। उन्होंने इसे न सिर्फ एक सांस्कृतिक धरोहर बताया, बल्कि इसे भारत के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि यह क्षेत्र एक बार फिर विद्या और संस्कृति का केंद्र बनने जा रहा है।
अमित शाह ने कहा कि मां सीता ने एक ही जीवन में आदर्श पत्नी, आदर्श बेटी, आदर्श मां और आदर्श राजमाता के रूप में जीवन जिया, और आज उनके जन्मस्थली पुनौरा धाम मंदिर का भव्य रूप में विकास शुरू हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक ढांचा नहीं, बल्कि मिथिलांचल के भाग्योदय की शुरुआत है।
अपने संबोधन में शाह ने मिथिला की कला और परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंचों पर मधुबनी पेंटिंग और मिथिलांचल की सांस्कृतिक पहचान को गौरव दिलाया है। उन्होंने याद दिलाया कि पीएम मोदी ने अर्जेंटीना की उपराष्ट्रपति को मधुबनी पेंटिंग भेंट की और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को भी मिथिला कला का उपहार देकर विदेशों में भारत की सांस्कृतिक ताकत का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि मिथिला सिर्फ धार्मिक भूमि नहीं, बल्कि ज्ञान, तंत्र, संगीत, साहित्य, धर्मशास्त्र का प्राचीन केंद्र रहा है — जहां राजा जनक, याज्ञवल्क्य, मैत्रेयी, अष्टावक्र, मंडन मिश्र और आदि शंकराचार्य जैसे महापुरुषों की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि अब पुनः इस क्षेत्र को संस्कृति और विद्या का धाम बनाया जाएगा।
अपने भाषण में अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव को घेरते हुए पूछा कि “आपके माता-पिता की सरकार ने गुंडई, गैंग और फिरौती के अलावा मिथिलांचल के लिए क्या किया? क्या कभी इस क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कार्य हुआ?” उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास का पूरा लेखा-जोखा पेश किया है।
इसके अलावा, उन्होंने चुनावों को लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर आरोप लगाया कि वे एसआईआर का विरोध कर घुसपैठियों को वोट बैंक के रूप में देख रहे हैं। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव हारने का डर इन्हें अभी से सताने लगा है, इसलिए ये बेबुनियाद मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि इस साल बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत तय है।
यह भी पढ़ें:
अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला: राऊज एवेन्यू कोर्ट से क्रिश्चियन मिशेल की रिहाई की याचिका ख़ारिज !



