प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसाम में चुनावी अभियान को तेज करते हुए विश्वास जताया है कि राज्य में बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा। गोगामुख में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में असम ने तेज विकास देखा है और जनता एक बार फिर स्थिरता और प्रगति के पक्ष में मतदान करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, “यह चुनाव विकसित भारत (Viksit Bharat) बनाने का चुनाव है। आसाम में भाजपा की सरकार फिर बनेगी और हम हैट्रिक पूरी करेंगे।” उन्होंने रैली में उमड़ी भीड़ को जनता के समर्थन का संकेत बताते हुए दावा किया कि एनडीए की जीत सुनिश्चित है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, राज्य की जनता एक बार फिर कांग्रेस को नकारने के लिए तैयार है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जहां हार की हैट्रिक की ओर बढ़ रही है, वहीं एनडीए जीत की हैट्रिक बनाएगा।
प्रधानमंत्री ने भाजपा के चुनावी वादों को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आसाम के 15 लाख से अधिक परिवारों को पक्का घर मिलेगा। साथ ही, हर जरूरतमंद परिवार को इसका लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा वादा करते हुए कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में करीब 3 लाख महिलाएं “लखपति बैदियो” बन चुकी हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना के दायरे को बढ़ाकर 40 लाख महिलाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। इसके अलावा ओरुनोडोई योजना को और मजबूत करने का भी आश्वासन दिया।
आसाम की 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। इस चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन आसाम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के साथ सत्ता बरकरार रखने के प्रयास में है।
यह भी पढ़ें:
अभिनेत्री से यौन उत्पीड़न के आरोप में मलयाली अभिनेता-निर्माता गिरफ्तार।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को ₹6,795 करोड़ के नए ऑर्डर, रक्षा और निर्यात पोर्टफोलियो हुआ मजबूत



