प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाया था। अयोध्या में कारसेवा के दौरान कारसेवकों पर गोली चलवाई गई थी, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए थे। उस घटना के घाव आज तक नहीं भरे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अब ऐसा क्या हो गया कि अखिलेश यादव को अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की जरूरत महसूस हो रही है।
भाजपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव की न तो कोई आस्था है और न ही कोई विचारधारा। चुनाव नजदीक होने के कारण अखिलेश यादव को लगता है कि अयोध्या जाकर दर्शन करने से बहुसंख्यक समाज का वोट मिल जाएगा, लेकिन वे बड़ी गलतफहमी में हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन किए जाने पर भी प्रवीण खंडेलवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करना भाजपा और उसकी सरकार का एजेंडा है।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों की ओर से सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर किए गए हमले को लेकर भाजपा सांसद ने घायल जवानों और उनके परिवारों के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि घायल सैनिकों के साथ पूरा देश मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आतंकवाद को किसी भी स्थान पर और किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा।



