उन्होंने कहा कि अग्निवीर जैसी संविदा आधारित व्यवस्था से भारतीय सेना नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का आदर,मान-सम्मान और व्यावसायिक दक्षता दुनिया में अद्वितीय है। ऐसे में सेना को ठेके पर चलाने की सोच ही गलत है।
उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के तहत युवाओं को केवल छह साल के लिए भर्ती किया जाता है। एक युवा 17 साल की उम्र में सेना में जाता है और 23 साल की उम्र में वापस आ जाता है। इसके बाद उसके भविष्य का कोई भरोसा नहीं रहता।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सेना की मांग के अनुसार ही नियमित सेना व्यवस्था बहाल की जाएगी, जैसी पहले थी। उन्होंने कहा कि जिस सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे और ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन को धूल चटाई थी, उसका मनोबल ऐसी योजनाओं से कमजोर होता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में आकर ऑपरेशन सिंदूर को रोक दिया। अगर ऐसा नहीं होता, तो पाक अधिकृत कश्मीर आज भारत के हिस्से में होता।
वहीं, दिल्ली में कांग्रेस नेता उदित राज ने भी अखिलेश यादव के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अग्निवीर उत्तर प्रदेश से हैं। अभी तक केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को ही सेना में स्थायी रूप से रखा गया है।
