30 C
Mumbai
Saturday, November 28, 2026
होमदेश दुनियामहिला आरक्षण पर सहमति, परिसीमन को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल!

महिला आरक्षण पर सहमति, परिसीमन को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल!

​कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के इरादे स्पष्ट रूप से संदिग्ध हैं।

Google News Follow

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि वह आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर परिसीमन के जरिए राजनीतिक परिदृश्य को अपने पक्ष में बदलने की कोशिश कर रही है।

वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सांसद प्रफुल्ल पटेल ने विधेयक को देश और महिलाओं के हित में बताते हुए इसका समर्थन किया है। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

​कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के इरादे स्पष्ट रूप से संदिग्ध हैं। उनका आरोप है कि सरकार आगामी चुनावों से पहले कानून का इस्तेमाल करके चुनावी परिदृश्य को अपने पक्ष में बदलना चाहती है।

बंसल ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने का मुद्दा परिसीमन के लिए महज एक बहाना बनाया जा रहा है। उन्होंने परिसीमन आयोग के गठन को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि आयोग का गठन सरकार की ओर से किया जाएगा, ऐसे में उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।

उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन आयोग भी निर्वाचन आयोग की तरह काम कर सकता है। बंसल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने संविधान को कमजोर किया है।

कांग्रेस नेता नाना पटोले ने परिसीमन विधेयक को लेकर मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है। पटोले ने सवाल उठाया कि वर्ष 2011 के बाद देश में जनगणना नहीं हुई है और अब 2026 में जनगणना कराने की बात कही जा रही है। ऐसे में परिसीमन से जुड़ा फैसला जनगणना के आंकड़ों के आधार पर लिया जाना चाहिए था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सवालों और अपने अधूरे वादों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ाने की बात करके जनता को गुमराह किया जा रहा है। पटोले ने कहा कि सरकार यह नहीं बता रही है कि जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से आम जनता पर महंगाई और आर्थिक बोझ कितना बढ़ेगा।

उन्होंने हंगरी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी एक शासक ने अपनी राजनीतिक शक्ति मजबूत करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया का इस्तेमाल किया था।

एक अन्य बयान में नाना पटोले ने कहा कि इस मुद्दे पर जनता के सामने यह स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा की बी-टीम कौन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसकी कोई चिंता नहीं है कि कौन किसके साथ खड़ा है।

पार्टी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। पटोले ने विश्वास जताया कि इस लड़ाई में कांग्रेस की जीत होगी। उन्होंने कहा कि परिसीमन के बहाने राजनीतिक दलों की वास्तविक भूमिका भी जनता के सामने आ जाएगी।

दूसरी ओर एनसीपी सांसद प्रफुल्ल पटेल ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसी विधेयक का समर्थन करना राष्ट्रीय हित का विषय है और इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने एनडीए में शामिल होने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। पटेल ने कहा कि जब अजित पवार पार्टी के अध्यक्ष थे, तब एनडीए में शामिल होने के संबंध में पत्र के माध्यम से पार्टी का रुख स्पष्ट किया गया था।

प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि शरद पवार ने भी सरकार की ओर से लाए जा रहे महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की इच्छा जताई है।

पटेल ने कहा कि उनके विचार में यह विधेयक अच्छे उद्देश्य से लाया गया है। इसका उद्देश्य देश के हितों की रक्षा करना, महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देना और बढ़ते शहरीकरण के बीच लोगों को उचित निर्वाचन क्षेत्र उपलब्ध कराना है।​ 

यह भी पढ़ें-

एटीएम मुफ्त लेनदेन सीमा खत्म होने पर बैंक भेजेंगे ग्राहकों को अलर्ट!

महिला आरक्षण की राह में हर बाधा दूर करने का पीएम मोदी का संकल्प!

National Stock Exchange

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Star Housing Finance Limited
[td_block_social_counter open_in_new_window="y" style="style6 td-social-boxed" block_template_id="td_block_template_9" border_color="#fbd54a" f_header_font_size="26" f_header_font_weight="700" tdc_css="eyJhbGwiOnsibWFyZ2luLXRvcCI6IjAiLCJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzAiLCJwYWRkaW5nLXRvcCI6IjAiLCJkaXNwbGF5IjoiIn19" custom_title="हमें फॉलो करें" facebook="NewsDankaHindi" twitter="NewsDanka" youtube="channel/UCqtL0xCsgAmB3XXrh9nln2Q" manual_count_twitter="526" f_header_font_family="668"]

अन्य लेटेस्ट खबरें