प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके बेटे से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम, पंजाब और जालंधर समेत 8 से 9 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई फंड से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीमों ने अशोक मित्तल के घर, फार्महाउस और अन्य स्थानों पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उनकी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में भी एजेंसी की टीम पहुंची है, जहां दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के फंड से जुड़े कुछ मामलों में गड़बड़ी के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
अशोक मित्तल पंजाब से ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक तथा चांसलर भी हैं। हाल ही में पार्टी में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के बाद यह कार्रवाई हुई है। आम आदमी पार्टी ने 2 अप्रैल को अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया था। उन्होंने राघव चड्ढा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। इस बदलाव को पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजकर औपचारिक रूप दिया था।
इससे पहले, आईएएनएस से बातचीत में अशोक मित्तल ने इस नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया था। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद देते हुए कहा था कि वे इस भूमिका को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने संसद और संसद के बाहर पार्टी की आवाज मजबूती से उठाने की बात कही थी। साथ ही देश और खासकर पंजाब के हितों को प्राथमिकता देने का भी आश्वासन दिया था। उन्होंने विश्वास जताया था कि वे पार्टी द्वारा जताए गए भरोसे पर खरे उतरेंगे।
वहीं, ईडी की इस कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “भाजपा पंजाब चुनावों की तैयारी कर रही है। ‘आप’ के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी पर ईडी की रेड—टिपिकल मोदी स्टाइल।” उन्होंने आगे कहा, “हम ऐसे पत्ते नहीं हैं जो पेड़ से टूटकर गिर जाएं। आंधियों को उनकी सीमा समझनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
अडानी एनर्जी सोल्यूशंस: कुडस-आरे के बीच 1,000 MW हाई वॉल्टेज डायरेक्ट करंट संचरण लिंक की शुरुवात
अमेरिकी नाकेबंदी और भी सख्त: चीनी प्रतिबंधित टैंकर ‘रिच स्टार्री’ होर्मुज़ लौटने को मजबूर
पाकिस्तान: सिरिंज के दोबारा इस्तेमाल से 331 बच्चों को HIV का संसर्ग



