जापान के रक्षा मंत्रालय के हवाले से जीजी न्यूज एजेंसी ने ये जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार कोइजुमी दोनों देशों के अपने समकक्षों से मिलेंगे। इसका मकसद रक्षा उपकरणों के जॉइंट डेवलपमेंट समेत सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है।
मंगलवार को कोइजुमी ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा पहुंचेंगे। उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स के साथ द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे। दोनों देशों के बीच बातचीत का मुख्य केंद्र ऑस्ट्रेलिया द्वारा जापान की मोगामी-क्लास फ्रिगेट्स हासिल करने की योजना और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करना होगा।
जापान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, कोइजुमी की यात्रा को दोनों देशों के रक्षा संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जापान और ऑस्ट्रेलिया हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग बढ़ाने की दिशा में लगातार कदम उठा रहे हैं।
इसके बाद कोइजुमी भारत पहुंचेंगे। यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ नई दिल्ली में उनकी पहली आधिकारिक मुलाकात होगी। बातचीत में जुलाई में हुए समिट एग्रीमेंट के आधार पर ड्रोन के जॉइंट डेवलपमेंट के साथ-साथ समुद्री सुरक्षा के लिए रक्षा उपकरणों और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
कोइजुमी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी के बेटे हैं और उन्हें भविष्य में जापान के प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदारों में भी गिना जाता है। रक्षा मंत्री संग बैठक में व्यापक सुरक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते रणनीतिक हालात पर भी विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।



