भाजपा सांसद तरुण चुघ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक स्थल के पुनर्विकास की पहल नहीं है, बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत और सिख गुरुओं के संदेश – ‘मानस की जात सब एको पहचान’ – उस गौरवशाली विरासत के संरक्षण का संकल्प है।
तरुण चुघ ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर से लेकर वीर बाल दिवस तक और विदेशों में गुरुद्वारों एवं सिख विरासत के सम्मान से लेकर पूजनीय श्री गुरु ग्रंथ साहिब को अफगानिस्तान से ससम्मान भारत लाने तक, प्रधानमंत्री के प्रयास सिख समुदाय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सिख गुरुओं की अमर शिक्षाओं के प्रति सम्मान को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक मंच पर सिख विरासत, सिख इतिहास और सिखों के बलिदान को हमेशा सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया है।
तरुण चुघ ने कहा कि अफगानिस्तान के संकट के समय सिख परिवारों की सुरक्षित घर वापसी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने की व्यवस्था की गई। कठिन परिस्थितियों में भी उन्हें सुरक्षित लाया गया।
उन्होंने कहा कि इटली में विश्व युद्धों में भारतीय सिख सैनिकों के योगदान को संरक्षित करने वाले सिख संगठनों से संवाद हो या अमेरिका और न्यूजीलैंड में सिख समुदाय के साथ आत्मीय मुलाकातें हों, प्रधानमंत्री मोदी ने हर अवसर पर सिख समुदाय की सेवा, साहस और बलिदान को दुनिया के सामने रखा और उसे सम्मान दिया है।
चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मूल मंत्र है – विकास भी और विरासत भी। मनीला के सदी के सबसे पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे का पुनर्विकास उसी सोच का उदाहरण है।
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक बैठक में भाग लेने के लिए गए थे और वहां उन्होंने एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा, जो दरबार खालसा के नाम से प्रसिद्ध है, वहां शिरकत की। उस गुरुद्वारे का पुनर्विकास होना है, जिसमें प्रधानमंत्री शामिल हुए।



