तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार को DMK के साथ गंठबंधन बनाने वाली कांग्रेस के समर्थन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा हमला बोला है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने लंबे समय के सहयोगी DMK को सत्ता की राजनीति के लिए धोखा दिया है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में रविवार को TVK प्रमुख सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वह 1967 के बाद तमिलनाडु में DMK और AIADMK गठबंधन से बाहर के पहले ऐसे नेता बन गए, जिन्होंने राज्य की सत्ता संभाली है।
हालांकि विजय की राह आसान नहीं रही। विधानसभा चुनाव में TVK राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर सकी। सरकार बनाने के लिए विजय को कांग्रेस, वामपंथी दलों और अन्य छोटे दलों के समर्थन पर निर्भर रहना पड़ा। सरकार गठन से पहले विजय ने राज्यपाल से एक सप्ताह के भीतर चार बार मुलाकात भी की थी।
इसी राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, “आज कांग्रेस की छवि एक परजीवी पार्टी के रूप में बन गई है और यही कारण है कि मौका मिलते ही यह अपने सहयोगियों को भी धोखा देती है। तमिलनाडु को ही देख लीजिए।”
VIDEO | Bengaluru, Karnataka: PM Modi(@narendramodi), addressing a public meeting, said, "Today, the Congress has earned the image of a parasitic party. And that is why, at the very first opportunity, it betrays even its allies… Just look at Tamil Nadu. For 25–30 years,… pic.twitter.com/dxHfsRhrKu
— Press Trust of India (@PTI_News) May 10, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और DMK के बीच पिछले 25 से 30 वर्षों से करीबी राजनीतिक संबंध रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बार DMK ने कांग्रेस को राजनीतिक संकटों से बचाया और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) सरकार भी DMK के समर्थन के कारण लंबे समय तक सत्ता में बनी रही।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि DMK हर “सुख-दुख” में कांग्रेस के साथ खड़ी रही, लेकिन जैसे ही राजनीतिक समीकरण बदले, कांग्रेस ने पहला मौका मिलते ही अपने पुराने सहयोगी को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता की भूखी कांग्रेस ने तमिलनाडु में राजनीतिक लाभ के लिए अपना रुख बदल लिया।
तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि दशकों से राज्य की सत्ता मुख्य रूप से DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है। विजय की एंट्री ने इस पारंपरिक राजनीतिक समीकरण को बदल दिया है।
भाजपा इस कांग्रेस के इस गठबंधन को अवसरवादी राजनीति करार दे रही है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंचे थे। वामपंथी दलों और अन्य सहयोगियों के समर्थन के बाद ही विजय सरकार बनाने का दावा पेश कर सके थे।
अब सभी की नजर तमिलनाडु विधानसभा में होने वाले फ्लोर टेस्ट पर टिकी है, जहां विजय सरकार को बहुमत साबित करना होगा।
यह भी पढ़ें:
लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंता बिस्वा सरमा, तारीख हुई तय
भारत ने किया MIRV तकनीक वाली अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण, 5000KM से ज्यादा रेंज
बांग्लादेशी न्यूज चैनल पर हुमायूं कबीर की मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को धमकी
सुपरस्टार विजय बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, 60 साल बाद राज्य को मिला पहला गैर-द्रविड़ CM
