मिजोरम: कुतुब मीनार से भी ऊंचे रेल ब्रिज का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी !

राजधानी आइज़ोल में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

मिजोरम: कुतुब मीनार से भी ऊंचे रेल ब्रिज का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी !

/pm-modi-inaugurates-mizoram-rail-bridge

मिज़ोरम शनिवार(13 सितंबर) को एक ऐतिहासिक उपलब्धि का गवाह बनने जा रहा है, जहां पीएम मोदी क़ुतुब मीनार से ऊंचे रेल ब्रिज का उद्घाटन करने जा रहें है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी आइज़ोल में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें सबसे अहम है 8,070 करोड़ रुपये की लागत से बनी बैराबी-सैरांग रेल लाइन परियोजना, जो पहली बार मिज़ोरम की राजधानी को भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

कुतुब मीनार से ऊंचा ब्रिज

इस रेल प्रोजेक्ट के तहत निर्मित एक ब्रिज देश-विदेश में चर्चा का विषय बन गया है। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निरीक्षण के बाद कहा, “बहुत ही कठिन प्रोजेक्ट था मिज़ोरम को जोड़ने का। जैसे कश्मीर में चेनाब का ब्रिज Eiffel Tower से ऊंचा है, वैसे ही मिज़ोरम में कुतुब मीनार से भी ऊंचा ब्रिज बना है।”

मिज़ोरम की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इस परियोजना को एक इंजीनियरिंग चमत्कार कहा जा रहा है। इसमें 45 सुरंगें, 55 बड़े पुल और 88 छोटे पुल बनाए गए हैं। पहाड़ी और भूकंपीय जोन में निर्माण के कारण परियोजना बेहद चुनौतीपूर्ण रही।

रेल मंत्रालय का कहना है कि इस रेल लाइन से मिज़ोरम और देश के अन्य हिस्सों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित, कुशल और किफायती यात्रा विकल्प मिलेगा। साथ ही खाद्यान्न, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी अधिक भरोसेमंद और समयबद्ध हो जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर सैरांग (आइज़ोल)–दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) राजधानी एक्सप्रेस, सैरांग–गुवाहाटी एक्सप्रेस, सैरांग–कोलकाता एक्सप्रेस ऐसी  तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनो को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे आइज़ोल सीधे दिल्ली से जुड़ जाएगा, गुवाहाटी के साथ आवाजाही आसान होगी और कोलकाता से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

क्षेत्रीय विकास की नई उम्मीदें

बताया गया है की  रेल कनेक्टिविटी से अस्पतालों, विश्वविद्यालयों और बाज़ारों तक पहुंच आसान होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, इस क्षेत्र के सांस्कृतिक व आर्थिक संबंध मजबूत होंगे और पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा।

यह भी पढ़ें:

नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की; युवा नेता सुदन गुरुंग ने पांव छूकर लिया आशीर्वाद!

घरेलू नुस्खे और इस जीवनशैली से रखें आवाज़ व कंठ का ख्याल

रूस के कामचटका में तीव्र भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी!

Exit mobile version