पीएम मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी-भुवनेश्वर दौरे पर, परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन!
इसके बाद प्रधानमंत्री ओडिशा जाएंगे, जहां शाम लगभग 4:45 बजे वह भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश और ओडिशा का दौरा करेंगे। सुबह लगभग 11 बजे प्रधानमंत्री वाराणसी में एक नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। दोपहर लगभग 1 बजे वह मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी के नमो घाट पर ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ देखेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री ओडिशा जाएंगे, जहां शाम लगभग 4:45 बजे वह भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।
वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। यह इकाई भारत के कपड़ा और परिधान निर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने और इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आधुनिक निर्माण प्रक्रियाओं पर केंद्रित यह इकाई, विशेष रूप से महिलाओं के लिए, रोजगार के सार्थक अवसर पैदा करेगी और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में योगदान देगी। यह उद्घाटन औद्योगिक निवेश और विनिर्माण-आधारित विकास के केंद्र के रूप में उत्तर प्रदेश की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाता है।
वैश्विक ग्राहक आधार के साथ यह इस बात का प्रमाण है कि वाराणसी में निर्मित उत्पाद दुनियाभर में पहुंचेंगे। मुख्य रूप से महिलाओं के नेतृत्व वाली पहल होने के नाते यह ‘महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास’ का एक सशक्त प्रतीक है।
प्रधानमंत्री वाराणसी के नमो घाट पर ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ देखेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा और इसकी थीम ‘विंग्स ओवर गंगा’ होगी।
इस हवाई प्रदर्शन में तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड, एसयू-30एमके I और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों के साथ-साथ परिवहन विमान भी शामिल होंगे। भारतीय नौसेना और भारतीय सेना के विमान भी इसमें हिस्सा लेंगे, जो उनके बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त संचालन को दर्शाएंगे।
भारतीय वायु सेना की प्रमुख प्रदर्शन टीमें, जैसे ‘सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम’ और ‘सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम’ भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगी। यह प्रदर्शन सटीक उड़ान, आपसी तालमेल और बेहतरीन परिचालन क्षमता का नजारा पेश करेगा।
यूपी के बाद पीएम मोदी भुवनेश्वर में भारत की वित्तीय प्रणाली की तकनीकी नींव को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
इन्हें बैंक की कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने और बैंक तथा पूरे वित्तीय क्षेत्र के लिए एक सुरक्षित, मजबूत, विस्तार योग्य और भविष्य के लिए तैयार कंप्यूटिंग इकोसिस्टम प्रदान करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है।
चार अत्याधुनिक डेटा सेंटर, महत्वपूर्ण भुगतान और निपटान प्रणालियों के साथ-साथ अन्य प्रमुख पहलों को संचालित करेंगे। इस सुविधा को ‘अपटाइम इंस्टीट्यूट टियर IV’ मानक का प्रमाणन मिला है, जो डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक वैश्विक बेंचमार्क है।
यह इसे परिचालन क्षमता और मजबूती के उच्चतम स्तर पर स्थापित करता है। यह दुनिया भर के (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा) क्षेत्र में सबसे बड़े टियर IV प्रमाणित केंद्रों में से एक है। यह डिजिटल वित्तीय सेवाओं की पहुंच, कार्यक्षमता और विश्वसनीयता को बढ़ाने में मदद करेगा। साथ ही यह एक ऐसी सुरक्षित डिजिटल नींव तैयार करेगा, जिस पर भारत की तकनीक-आधारित वित्तीय अर्थव्यवस्था और अधिक विकसित हो सकेगी।
यह केंद्रीय बैंकिंग समुदाय के बीच डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में एक अग्रणी संस्था के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक की विशिष्ट स्थिति को और मजबूत करेगा।
साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान साइबर सुरक्षा और एंटरप्राइज-टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रशिक्षण, अनुसंधान और पूरे क्षेत्र में क्षमता विकास के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करेगा। यह संस्थान बीएफएसआई क्षेत्र से संबंधित अत्याधुनिक तकनीकों पर ध्यान केंद्रित करेगा, जिनमें क्वांटम कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य उभरती हुई तकनीकें शामिल हैं।