प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। नीति आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री के ‘टीम इंडिया’ के विजन के अनुरूप, विकसित भारत के लिए इस वर्ष की थीम ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’ है।
यह थीम उम्र, क्षेत्र, लिंग या सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से परे, हर भारतीय की भलाई और विकास पर केंद्रित है। गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इस विजन को साकार करने और देश भर के हर नागरिक के लिए इसे ठोस और मापने योग्य नतीजों में बदलने के तरीके पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
नीति आयोग के मुताबिक, इस गवर्निंग काउंसिल की बैठक में मुख्यमंत्री और उप-राज्यपाल ‘समावेशी मानव विकास फ्रेमवर्क’ पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे। यह फ्रेमवर्क चार मुख्य स्तंभों पर आधारित है, जिसमें बुनियादी मानव पूंजी और भविष्य के लिए जरूरी कौशल; उत्पादक रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास; स्वास्थ्य, पोषण और भलाई; और सभी के लिए समानता और सम्मान शामिल हैं।
बैठक में देश भर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल विकास को बेहतर बनाने और टिकाऊ रोजगार के अवसर पैदा करने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी।
नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल 26 से 28 दिसंबर, 2025 के बीच हुई मुख्य सचिवों की 5वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में दी गई सिफारिशों पर भी चर्चा करेगी।
मुख्य सचिवों की इस 5वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में इन पांच मुख्य विषयों पर सिफारिशें की गई थीं, जिसमें शुरुआती बचपन की शिक्षा: नींव रखना; स्कूली शिक्षा: बुनियादी बातें; स्किलिंग: भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स; उच्च शिक्षा: नॉलेज इकॉनमी; और खेल और क्लासरूम से परे एक्स्ट्रा-करिकुलर गतिविधियां शामिल हैं।
नीति आयोग ने कहा कि गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उप-राज्यपाल/प्रशासक, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और सीईओ शामिल होंगे।