लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बहस के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “मेरी मां के आंसुओं का जिक्र किया गया, उसका जवाब देना जरूरी है। मेरी मां (सोनिया गांधी) ने अपने पति (राजीव गांधी) की आतंकियों द्वारा हत्या के बाद आंसू बहाए थे। यही दर्द मैंने अपनी मां की आंखों में देखा, जिसकी वजह से आज मैं पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों की तकलीफ समझ सकती हूं।”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने लोकसभा में कहा, “जो लोग अपनों को खोते हैं, उनका दुख मैं समझ सकती हूं क्योंकि मैं भी उस दौर से गुजरी हूं।” उन्होंने कहा कि वह इस सदन में इसलिए खड़ी हैं क्योंकि वह जानती हैं कि दहशतगर्दी से उबरना कितना कठिन होता है।
प्रियंका का यह बयान उस वक्त आया जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 2008 के बटला हाउस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि “सोनिया गांधी ने उस मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों पर आंसू बहाए थे, जबकि शहीद पुलिस अधिकारी मोहन चंद्र शर्मा के बलिदान को नजरअंदाज किया।”
अमित शाह ने कहा, “मुझे आज भी याद है जब एक सुबह टीवी पर सलमान खुर्शीद रोते हुए नजर आए। वह सोनिया गांधी के घर से बाहर आ रहे थे और कह रहे थे कि सोनिया जी बटला हाउस मुठभेड़ की तस्वीरें देखकर फूट-फूट कर रोईं। क्या उन्हें शहीद मोहन शर्मा के लिए रोना नहीं चाहिए था?” शाह ने आगे कहा कि उनके पास सलमान खुर्शीद का वह बयान मोबाइल में सुरक्षित है जिसमें उन्होंने 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान आजमगढ़ में यह दावा किया था। उन्होंने संसद में चुनौती दी कि “आप समय बताइए, मैं वह वीडियो यहां चला सकता हूं ताकि देश सच्चाई देख सके।”
बता दें कि 19 सितंबर 2008 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बटला हाउस में एक मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों – आतिफ अमीन और मोहम्मद साजिद – को मार गिराया था, जबकि स्पेशल सेल के मोहन चंद्र शर्मा शहीद हो गए थे। यह कार्रवाई 13 सितंबर 2008 को दिल्ली में हुए श्रृंखलाबद्ध बम धमाकों के बाद की गई थी, जिनमें करीब 30 लोग मारे गए थे और भारतीय मुजाहिदीन ने जिम्मेदारी ली थी।
यह भी पढ़ें:
स्मृति शेष : बिष्णुपद मुखर्जी का चिकित्सा में अमूल्य योगदान आज भी यादगार!



