संविधान दिवस के मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने दो-टूक कहा कि देश के संविधान का अपमान और उसकी हत्या करना कांग्रेस के डीएनए में शामिल है। उन्होंने कांग्रेस नेता जयराम रमेश पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश का किसान परेशान नहीं है, बल्कि जयराम रमेश और कांग्रेस पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने से परेशान हैं।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल बेबुनियाद आरोप लगाना रह गया है, जबकि हकीकत यह है कि घेराबंदी करने वाले खुद जनता के कटघरे में खड़े हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में लगभग 100 बार निर्वाचित राज्य सरकारों को भंग किया गया, जिनमें से अकेले स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने 50 बार चुनी हुई सरकारों को भंग किया। जब मर्जी आई, लोकतांत्रिक सरकारों को कपड़ों की तरह बदल दिया गया। उन्होंने यूपीए शासनकाल पर निशाना साधा और कहा कि एक निर्वाचित सरकार के ऊपर असंवैधानिक सलाहकार परिषद (एनएसी) बैठाकर सरकार की निगरानी कराई गई।
किसानों के मुद्दों पर जयराम रमेश के बयानों को खारिज करते हुए शिवराज चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और कम ब्याज पर कृषि ऋण जैसी योजनाओं से किसान की आर्थिक हालत लगातार सुधर रही है। मनरेगा की जगह ‘विकसित भारत- जी राम जी’ योजना भी बेहतर ढंग से चल रही है और कहीं कोई शिकायत नहीं है।
फसलों की कीमतों पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भावुक व बेबाक अंदाज में कहा, “पिछले सालों में जब दाम नीचे थे, तब सरकार ने एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद की। अब कुछ फसलों के दाम एमएसपी से थोड़े ज्यादा हैं, तो थोड़े दाम किसान को भी मिल जाने दो ना मेरे भाई, उसमें क्या दिक्कत है? कभी-कभी किसान को भी पैसा मिल जाने दें।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसान और उपभोक्ता के बीच संतुलन बनाकर चलती है और उपभोक्ताओं के संरक्षण के लिए जरूरत पड़ने पर आयात सहित हर आवश्यक कदम उठाए जाते हैं। देश में दालों की खपत वर्ष 2000 या 2010 के मुकाबले आज लगातार बढ़ रही है।
